-मानकर चलूं हरियाणा का एक और खिलाड़ी मेडल लाएगा...PM मोदी ने नीरज से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद खेल महोत्सव के समापन पर फतेहाबाद के बॉक्सर नीरज से संवाद किया और कहा कि सीखते रहिए, हरियाणा का एक और खिलाड़ी देश के लिए मेडल लाएगा।

-मानकर चलूं हरियाणा का एक और खिलाड़ी मेडल लाएगा...PM मोदी ने नीरज से की बात

PM मोदी ने फतेहाबाद के बॉक्सर नीरज से किया संवाद
बोले- मानकर चलूं हरियाणा का एक और खिलाड़ी मेडल लाएगा
सीखते रहिए, खेल में हार नहीं होती: प्रधानमंत्री



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह के दौरान हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना खंड स्थित गांव डांगरा के बॉक्सर नीरज से संवाद किया। गांव समैन के खेल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में यह संवाद हुआ, जहां पीएम मोदी ने नीरज का उत्साह बढ़ाया और भविष्य के लिए प्रेरित किया।

गांव डांगरा के नेशनल मेडलिस्ट बॉक्सर नीरज के पिता बलवान सिंह ऑपरेटिव सोसाइटी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। प्रधानमंत्री ने नीरज से राम-राम कहकर बातचीत की शुरुआत की। जब नीरज ने पीएम से हालचाल पूछा, तो प्रधानमंत्री ने मुस्कराते हुए कहा कि तेरे जैसा ही हूं।

प्रधानमंत्री ने नीरज से पूछा कि क्या वह खेल को ही अपना करियर बनाना चाहते हैं। इस पर नीरज ने कहा कि वह देश के लिए ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना चाहते हैं। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने ओलंपियन नीरज चोपड़ा का भी जिक्र किया।

पीएम मोदी ने नीरज से पूछा कि क्या वह दुनिया के अंतरराष्ट्रीय बॉक्सरों के मुकाबले देखते हैं। नीरज ने जवाब दिया कि वह देश और दुनिया के अच्छे बॉक्सरों की फाइट देखते हैं और उनसे प्रेरणा लेते हैं। प्रधानमंत्री ने मोबाइल देखने को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में बात की, जिस पर नीरज ने कहा कि कभी-कभी सामने आने वाली रील देख लेते हैं।

सांसद खेल महोत्सव को लेकर नीरज ने बताया कि राज्यसभा सांसद सुभाष बराला की ओर से बेहतरीन आयोजन किया गया है और खिलाड़ियों को सभी जरूरी सुविधाएं दी गईं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि क्या वह यह मानकर चलें कि हरियाणा का एक और बॉक्सर देश को मेडल दिलाएगा। इस पर नीरज ने भरोसे के साथ कहा कि वह अगले या उससे अगले ओलंपिक में मेडल जीतकर प्रधानमंत्री को सौंपना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री ने नीरज को सलाह दी कि वह उनकी बातों को दबाव के रूप में न लें। खेल में लगातार प्रयास करते रहें और चिंता मुक्त होकर खेलें। प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान में या तो जीत होती है या सीख मिलती है, हार कभी नहीं होती।

कार्यक्रम में बताया गया कि सांसद खेल महोत्सव में सिरसा लोकसभा क्षेत्र टॉप-टेन में रहा है। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के नेतृत्व में गांव, विधानसभा और लोकसभा स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस महोत्सव में करीब 45 हजार खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया।