IPS पूरन कुमार केस : IAS पत्‍नी ने हरियाणा DGP और SP के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जानें क्‍या गंभीर आरोप लगाए

हरियाणा के सीनियर IPS अफसर Y पूरन कुमार की डेथ के मामले में उनकी पत्नी IAS अमनीत पी. कुमार ने DGP और रोहतक SP के खिलाफ जातिगत भेदभाव, उत्पीड़न और झूठी FIR का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई।

IPS पूरन कुमार केस :  IAS पत्‍नी ने  हरियाणा DGP और SP के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जानें क्‍या गंभीर आरोप लगाए

आईजी पूरन कुमार के सुसाइड मामले में पत्नी ने DGP और रोहतक SP पर शिकायत दर्ज की
अमनीत पी. कुमार ने जातिगत भेदभाव, उत्पीड़न और झूठी FIR का आरोप लगाया
पोस्टमॉर्टम रुकवाया, बड़ी बेटी के अमेरिका लौटने के बाद अंतिम संस्कार होगा



हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई पूरन कुमार के सुसाइड मामले में उनकी पत्नी और प्रदेश की वरिष्ठ IAS अफसर अमनीत पी. कुमार ने हरियाणा DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक SP नरेंद्र बिजारणिया के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। यह शिकायत सेक्टर-11 थाने, चंडीगढ़ में दी गई।

अमनीत पी. कुमार ने चार पेज की शिकायत में आरोप लगाया कि उनके पति का उत्पीड़न, जातिगत भेदभाव और प्रताड़ना DGP और SP द्वारा की जा रही थी। उन्होंने बताया कि उनके पति की मौत से पहले DGP के कहने पर SP ने उनके खिलाफ झूठी FIR (नंबर 0319/2025) दर्ज की, जो एक सोची-समझी साजिश थी। इसी वजह से उनके पति ने अत्यधिक निराशा में आत्महत्या कर ली।

IPS पूरन कुमार के आवास के बेसमेंट में बने मूवी थिएटर में इसी सोफे पर उन्होंने खुद को गोली मार ली।

अफसर ने कहा कि SC/ST समुदाय से होने के कारण उनके पति को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और जातिसूचक गालियां दी गईं। जब IAS अमनीत जापान से लौटीं, तो उन्हें अपने पति का 8 पेज का सुसाइड नोट मिला, जिसमें कई अधिकारियों के नाम लिखे थे और DGP व अन्य अफसरों से उत्पीड़न का जिक्र था। उन्होंने नोट की कॉपी चंडीगढ़ पुलिस को सौंप दी।अमनीत पी. कुमार ने DGP और SP के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और SC/ST एक्ट के तहत तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

पोस्टमॉर्टम रुकवाया:
सीनियर IPS अफसर का पोस्टमॉर्टम बुधवार को नहीं हो पाया। अब बड़ी बेटी के अमेरिका से लौटने के बाद गुरुवार (9 अक्टूबर) को पोस्टमॉर्टम होने की संभावना है। शव सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट अस्पताल में रखा गया है।

अमनीत पी. कुमार की चंडीगढ़ में कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात हुई, जिसमें चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी भी शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, IAS अमनीत ने दोटूक कहा कि सुसाइड नोट में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। परिवार पोस्टमॉर्टम या अंतिम संस्कार से पहले CBI जांच की मांग भी कर सकता है।

सुसाइड नोट और वसीयत:
अफसर के आवास के बेसमेंट में बने मूवी थिएटर में IPS पूरन कुमार ने खुद को गोली मारी। उनके पास वसीयत भी थी, जिसमें उन्होंने अपनी सारी संपत्ति अपनी पत्नी के नाम कर दी। सुसाइड नोट में 30-35 IPS और कुछ IAS अधिकारियों के नाम थे। उन्होंने अफसरों पर जातिवाद, पोस्टिंग में भेदभाव, ACR गड़बड़ी और प्रशासनिक परेशानियों का आरोप लगाया।

सोर्स बताते हैं कि यह मामला उनके गनमैन की रिश्वत केस में नाम आने और फील्ड ड्यूटी से हटाकर ट्रेनिंग कॉलेज में तैनाती से जुड़ा हो सकता है। गनमैन पर आरोप था कि वह शराब ठेकेदार से रिश्वत मांग रहा था और पूछताछ में IG पूरन कुमार का नाम लिया गया।