BDPO 35 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
रेवाड़ी में BDPO सौरभ उपाध्याय को विकास कार्यों के बिल पास करने के बदले 35 हजार की रिश्वत लेते हुए ACB ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
- विकास कार्यों के बिल पास करने के बदले मांगे थे पैसे
- ब्लॉक समिति चेयरपर्सन के पति की शिकायत पर ACB की कार्रवाई
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ब्लॉक डेवलपमेंट एंड पंचायत ऑफिसर (BDPO) सौरभ उपाध्याय को 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए नूंह एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई ब्लॉक समिति चेयरपर्सन ममता यादव के पति रविंद्र खोला की शिकायत पर की गई।
शिकायत में बताया गया कि रेवाड़ी ब्लॉक में कराए गए विकास कार्यों के कई बिल लंबे समय से पेंडिंग पड़े थे। ठेकेदार लगातार BDPO कार्यालय के चक्कर काट रहे थे, लेकिन अधिकारी जानबूझकर बिल पास नहीं कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान BDPO सौरभ उपाध्याय ने ठेकेदारों से रिश्वत की मांग शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, BDPO ने बिल पास करने के बदले 35 हजार रुपए की मांग रखी और इसी रकम पर डील तय हुई। इसके बाद रविंद्र खोला ने पूरे मामले की जानकारी नूंह ACB को दी। शिकायत सही पाए जाने पर ACB टीम ने आरोपी अधिकारी को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
योजना के तहत शुक्रवार को BDPO सौरभ उपाध्याय ने शिकायतकर्ता को गढ़ी बोलनी स्थित BDPO कार्यालय बुलाया। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही रविंद्र खोला ने 35 हजार रुपए की रिश्वत सौरभ को सौंपी, पहले से तैनात ACB टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए BDPO को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
ACB अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल थे या नहीं।
Akhil Mahajan