मंत्री अनिल विज का बड़ा एक्शन, XEN और RFO सस्पेंड

सिरसा के कालुआना जलघर में पेड़ कटाई मामले में मंत्री अनिल विज ने XEN और RFO को सस्पेंड किया। ADC जांच में अतिरिक्त पेड़ कटाई का खुलासा हुआ।

मंत्री अनिल विज का बड़ा एक्शन, XEN और RFO सस्पेंड
  • पेड़ कटाई मामले में मंत्री अनिल विज का सख्त एक्शन
  • XEN और RFO सस्पेंड, झूठा एफिडेविट देने पर कानूनी कार्रवाई के आदेश
  • ग्रीवेंस मीटिंग की पहली शिकायत पर हुआ बड़ा फैसला


हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने सिरसा जिले की ग्रीवेंस कमेटी बैठक के दौरान बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया। डबवाली क्षेत्र के गांव कालुआना में जलघर परिसर में पेड़ कटाई के मामले में जन स्वास्थ्य विभाग के XEN विजय कुमार और वन विभाग के RFO सुंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया।

मंत्री विज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब पुलिस जांच करेगी कि पेड़ किसने और किसके आदेश पर काटे। उन्होंने कहा कि सस्पेंशन का फैसला अंतिम है और अधिकारी चाहें तो कोर्ट चले जाएं।

मामले में अजय पर झूठा एफिडेविट देने और पूरी सच्चाई न बताने के आरोप में कानूनी कार्रवाई के आदेश भी दिए गए। इसके अलावा जन स्वास्थ्य विभाग के JE दीपक और गांव के सरपंच पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस रंजिश के चलते उस पर हमला भी करवाया गया। इस पर मंत्री विज ने डबवाली SP को सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए।

यह शिकायत ग्रीवेंस मीटिंग की पहली शिकायत थी। पिछली बैठक में भी मामला उठा था, जिसके बाद मंत्री विज ने ADC के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की थी। ADC की जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि जलघर में अनुमति से अधिक पेड़ों की कटाई हुई है। रिपोर्ट के अनुसार 12 से 13 पेड़ छह से सात इंच मोटाई के थे, जबकि बाकी पेड़ छोटे थे।

जांच में सामने आया कि जन स्वास्थ्य विभाग की जमीन पर स्थित जलघर में 51 पेड़ काटने की अनुमति दी गई थी, लेकिन आरोप है कि इसके अलावा 31 अतिरिक्त पेड़ भी काटे गए। पिछली मीटिंग में विभाग ने पेड़ कटाई से पूरी तरह इनकार किया था। जब ADC की जांच में सच्चाई सामने आई, तब भी अधिकारियों ने गलती नहीं मानी। इसी आधार पर मंत्री ने दोनों विभागों को दोषी ठहराते हुए सस्पेंशन का आदेश जारी किया।