5000 की रिश्वत लेते पकड़े गया एएसआई बर्खास्त
सोनीपत में 5000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए एएसआई विजयपाल को पुलिस विभाग ने बर्खास्त कर दिया। एसीबी ट्रैप के बाद पंजाब पुलिस रूल्स 311 के तहत कार्रवाई हुई।
- 5000 रुपये की रिश्वत लेते एएसआई विजयपाल रंगे हाथों गिरफ्तार
- एसीबी की कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग ने किया बर्खास्त
- पंजाब पुलिस रूल्स 311 के तहत त्वरित कार्रवाई
सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र में स्थित सैदपुर पुलिस चौकी में तैनात एएसआई विजयपाल को रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के मामले में पुलिस विभाग ने कड़ा कदम उठाया है। विभाग ने एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई के बाद एएसआई विजयपाल को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर को एंटी करप्शन ब्यूरो रोहतक की टीम ने शिकायत मिलने के बाद पूरी योजना के तहत जाल बिछाया था। आरोप है कि एएसआई विजयपाल ने सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार को उसके मालिक को सौंपने की एवज में 5000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
एसीबी की टीम ने सैदपुर पुलिस चौकी में ही एएसआई को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया था। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था और जांच प्रक्रिया जारी है।
इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। डीसीपी कुशलपाल ने बताया कि आरोपी एएसआई विजयपाल को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस रूल्स 311 के तहत की गई है।
Akhil Mahajan