खेल खेल में कुछ ऐसा हुआ कि 16 साल के युवक ने उठाया खौफनाक कदम
सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के गांव दातौली में नौवीं कक्षा के छात्र उत्तम गिरी ने मारपीट से आहत होकर पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पिता ने गांव के 8-10 लड़कों पर आरोप लगाए। पुलिस जांच जारी।
-
सोनीपत में नौवीं के छात्र ने मारपीट से आहत होकर की आत्महत्या
-
गांव दातौली में खेलने के दौरान झगड़े के बाद पेड़ पर फांसी लगाई
-
पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य, जांच शुरू
गन्नौर के गांव दातौली में उस समय सनसनी फैल गई जब कक्षा नौ के छात्र ने अपने घर से करीब 200 मीटर दूर एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 16 वर्षीय उत्तम गिरी के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि खेलने के दौरान गांव के कुछ लड़कों द्वारा की गई मारपीट से आहत होकर उत्तम ने यह कदम उठाया।
घटना वीरवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। पिता सुभाष गिरी के अनुसार, उनका बेटा पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रहा था तभी किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद कुछ लड़कों ने उत्तम के साथ मारपीट की। घर लौटने के बाद वह बेहद आहत था और बार-बार यही कहता रहा कि उसके साथ अन्याय हुआ है। इसके कुछ समय बाद वह घर से बाहर निकला और पास के खेत में जाकर पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी पड़ोसियों के जरिए परिजनों तक पहुंची। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर गन्नौर थाना पुलिस और एफएसएल टीम पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को सिविल हॉस्पिटल सोनीपत भिजवाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पिता सुभाष ने बताया कि उनका परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है। वह स्वयं चौकीदार हैं, जबकि तीनों बड़े बेटे ट्रैक्टर-ट्रॉली से रोड़ी और डस्ट उतारने का काम करते हैं। उत्तम सबसे छोटा था और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल दातौली में नौवीं कक्षा में पढ़ता था।
सुभाष गिरी ने गांव के ही 8–10 लड़कों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटे के साथ हुई मारपीट ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली।
पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला आत्महत्या की धारा में दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच में यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author1