सोनीपत में यमुना खतरे के निशान पर, बारिश से हालात खराब, हजारों एकड फसल डूबी, घरों में भी पानी
सोनीपत में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, 3.30 लाख क्यूसिक पानी पहुंचा। भारी बारिश से शहर में जलभराव और हजारों एकड़ फसल बर्बाद। हालात दिल्ली तक पहुंचने का खतरा।
➤ सोनीपत में यमुना नदी खतरे के निशान के करीब, जलस्तर लगातार बढ़ा
➤ भारी बारिश से शहर की सड़कों पर जलभराव, लोगों की आवाजाही मुश्किल
➤ हजारों एकड़ फसल डूबी, हालात दिल्ली तक बिगड़ने की आशंका
सोनीपत (हरियाणा) में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अब यह खतरे के निशान के करीब पहुंच चुका है। मंगलवार दोपहर से देर रात तक हुई तेज बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए। शहर की कई प्रमुख सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों को अपने वाहनों को धक्का मारकर निकालना पड़ा, वहीं नौकरीपेशा और दुकानदारों को घर लौटने में घंटों की मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार यमुना नदी में 3 लाख 30 हजार क्यूसिक पानी सोनीपत तक पहुंच चुका है। दूसरी ओर नदी का बढ़ता पानी दिल्ली तक भी असर दिखा रहा है।
सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों पर पड़ा है। यमुना से सटे हुए बांध के भीतर हजारों एकड़ फसल पूरी तरह से पानी में डूब चुकी है। किसानों की मेहनत बर्बाद हो गई है। ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
प्रशासन अलर्ट मोड पर है और लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। यदि बारिश और हुई तो स्थिति और बिगड़ सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली तक भी यमुना का बढ़ा जलस्तर संकट खड़ा कर सकता है।
Akhil Mahajan