हरियाणा में SHO 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों धरा
हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो ने थानेसर थाना शहर प्रभारी पीएसआई विनय कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पहले ही तीन लाख रुपये ले चुका था। विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ थानेसर थाना प्रभारी पीएसआई विनय कुमार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
➤ विजिलेंस टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत के साथ पकड़ा
➤ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थानेसर थाना शहर के प्रभारी पीएसआई विनय कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई गुरुवार देर शाम विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विजिलेंस निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने पंचकूला स्थित टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दी थी कि थाना प्रभारी उनके रिश्तेदारों को गिरफ्तार करने की धमकी देकर रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत में बताया गया कि यह मामला सिविल विवाद से जुड़ा है, जिसमें अदालत से नोटिस जारी हुआ था। आरोप है कि विनय कुमार ने गिरफ्तारी न करने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की, जिनमें से तीन लाख रुपये पहले ही ले चुका था।
शिकायत मिलते ही विजिलेंस कंट्रोल रूम ने कुरुक्षेत्र जिला टीम को अलर्ट किया। इसके बाद टीम ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर एक ट्रैप योजना तैयार की। शिकायतकर्ता से तय रकम का अगला किस्त 50 हजार रुपये देने की योजना बनाई गई। जैसे ही पीएसआई विनय कुमार ने यह रकम ली, विजिलेंस टीम ने मौके पर उसे दबोच लिया।
विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। टीम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे प्रकरण में कोई अन्य पुलिसकर्मी या व्यक्ति शामिल था या नहीं।
ब्यूरो के अधिकारी ने कहा कि हरियाणा सरकार की नीति “जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट करप्शन” को सख्ती से लागू किया जा रहा है। भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
Author1