हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर से शुरू
हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर से शुरू होगा। 8 दिसंबर को कैबिनेट मीटिंग में मंजूरी दी जाएगी। विपक्ष के हंगामे की संभावना पर सरकार ने रणनीति तैयार की और विकास प्रोजेक्ट की समीक्षा की।
- हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर से होगा शुरू
- 8 दिसंबर कैबिनेट बैठक में होगी अंतिम मंजूरी
- विपक्ष के हंगामे और सरकार की रणनीति पर हुई चर्चा
हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। मंगलवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में इस पर सहमति बनाई गई। हालांकि आधिकारिक मंजूरी 8 दिसंबर को होने वाली कैबिनेट मीटिंग में दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इस बार का विंटर सेशन हंगामेदार रहने की पूरी संभावना है। विपक्ष बेरोजगारी, किसानों के मुद्दों, कानून-व्यवस्था और खिलाड़ी मृत्यु मामले सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। इसी को देखते हुए सरकार पहले से रणनीति तैयार करने में जुट गई है।
बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सद्य मुद्दों और प्रस्तावों से संबंधित तैयारियों को समय पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि सरकार सदन में तथ्यों सहित जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी।
राज्य मंत्री राजेश नागर ने मीटिंग के बाद बताया कि बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की गई। विभागों के चल रहे प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में नए डिपो अलॉट किए जाएंगे। नई विधानसभा के निर्माण पर निर्णय केंद्र सरकार के आदेशों के आधार पर लिया जाएगा।
वहीं, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम से रोहतक बास्केटबॉल कोर्ट में खिलाड़ी की मौत पर सवाल किए गए। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट में यह सामने आया है कि संबंधित मैदान पंचायत विभाग के अधीन आता है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी विभाग हो, जिम्मेदारी सरकार की ही होती है।
मंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए खेल विभाग सभी ऐसे मैदानों की अंडरटेकिंग लेकर जिम्मेदारी तय करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच जारी है और जो भी अधिकारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
Author1