रिटायरमेंट से पहले सरकार को लाखों का चूना लगाकर विदेश जाने की फिराक में था हरियाणा का इंस्पेक्टर, ऐसे हुआ भंडाफोड़
हरियाणा के करनाल में कुंजपुरा गोदाम से 68 लाख रुपए का गेहूं गबन उजागर हुआ। इंस्पेक्टर अशोक शर्मा गिरफ्तार। जांच में 4400 बैग कम और हजारों क्विंटल गेहूं बाजार में बिकने का खुलासा।
-
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर अशोक शर्मा को 68 लाख से ज्यादा के गेहूं गबन में गिरफ्तार किया गया।
-
जांच में 50 किलो के बैगों में 20-25 किलो गेहूं भरने और हजारों बैग गायब होने का खुलासा।
-
आरोपी ने मार्केट में हजारों क्विंटल गेहूं बेचकर मुनाफा कमाया, रिटायरमेंट से पहले विदेश भागने की भी आशंका।
हरियाणा के करनाल जिले में करोड़ों की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। कुंजपुरा के सरकारी गोदाम से 68 लाख रुपए से अधिक मूल्य का गेहूं गबन करने के आरोप में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर अशोक शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता विकास शर्मा की चिट्ठी पर खुलासा हुआ कि इंस्पेक्टर ने 50 किलो के बैगों में सिर्फ 20-25 किलो गेहूं भरा और बाकी गेहूं को बाजार में बेच दिया। जांच में पाया गया कि गोदाम से करीब 4400 कट्टे कम हैं और पूरा चट्टा ही गायब हो गया।
सीएम फ्लाइंग और चंडीगढ़ मुख्यालय की 9 सदस्यीय टीम की जांच में पता चला कि अप्रैल से 10 जून के बीच 2427 क्विंटल गेहूं बाजार में बेचा गया, जिसकी कीमत 68 लाख रुपए से अधिक है।
जांच रिपोर्ट में साफ कहा गया कि बैगों का वजन पूरा दिखाने के लिए गेहूं को पानी से भिगोया जाता था। कई बैग फटे हुए पाए गए और उनमें से गेहूं निकालकर बेचा गया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी इंस्पेक्टर ने विभाग में कुछ रकम लौटाई है, लेकिन विभाग ने स्पष्ट नहीं किया कि कितनी राशि जमा कराई गई।
आरोपी को मंगलवार को शाहबाद से पकड़ा गया और आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Akhil Mahajan