हरियाणा में हादसा, मकान की छत गिरने से मां-बेटी की मौत
नरवाना के गांधीनगर ढाणी में मकान की जर्जर छत गिरने से मां और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। पुलिस जांच में जुटी है और सरकार ने पीड़ित परिवार को सहायता का आश्वासन दिया है।
➤ नरवाना के गांधीनगर ढाणी में मकान की छत गिरने से मां-बेटी की मौत
➤ सुबह 8:30 बजे हुआ हादसा, मलबे में दबने से मौके पर गई जान
➤ कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने जताया शोक, आर्थिक सहायता का आश्वासन
नरवाना शहर के गांधीनगर स्थित ढाणी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। वार्ड नंबर 14 की एक संकरी गली में स्थित मकान की जर्जर छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे कमरे में मौजूद मां और उसकी मासूम बेटी मलबे में दब गईं। तेज धमाके की आवाज के साथ छत गिरते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से माहौल दहल उठा। हादसे में उषा और उसकी छोटी बेटी मायरा की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे अचानक कमरे की छत नीचे आ गिरी। उस समय कमरे में उषा और उसकी बेटी मायरा बेड पर बैठी थीं। छत गिरते ही दोनों मलबे के नीचे दब गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से मलबा हटाया गया। गंभीर हालत में मां-बेटी को तुरंत नागरिक अस्पताल नरवाना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में मकान की छत के काफी समय से जर्जर होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंपे जाएंगे।
परिवार के सदस्य आशीष ने बताया कि वह मजदूरी करता है और परिवार के साथ गांधीनगर ढाणी में किराए के मकान में रहता है। हादसे के समय वह काम पर जा चुका था। घर में उसकी पत्नी उषा, तीन बेटियां राधिका, सोनल और मायरा, माता-पिता और भाई रहते थे। आशीष की मां वीना हादसे से महज पांच मिनट पहले दो बेटियों को स्कूल छोड़ने गई थीं, जबकि पिता बीमारी के चलते आंगन में धूप सेक रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।
हादसे की खबर मिलते ही नरवाना विधायक एवं हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया और ढांढस बंधाया। मंत्री ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
Akhil Mahajan