आईपीएस पूर्ण कुमार की मौत के मामले में चल रहे सियासी घमासान के बीच कल राहुल गांधी हरियाणा आएंगे, 17 काे पीएम का दौरा स्‍थगित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 अक्टूबर का हरियाणा दौरा स्थगित कर दिया गया है, जिसकी पुष्टि जिलाध्यक्ष बढौली ने की है। यह स्थगन ऐसे समय में हुआ है जब राहुल गांधी आईपीएस वाई पूर्ण कुमार आत्महत्या मामले में उनकी पत्नी से मिलने चंडीगढ़ आ रहे हैं। इस फैसले को राजनीतिक दबाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

आईपीएस पूर्ण कुमार की मौत के मामले में चल रहे सियासी घमासान के बीच कल राहुल गांधी हरियाणा आएंगे, 17 काे पीएम का दौरा स्‍थगित

  • राहुल गांधी के दौरे से पहले पीएम का दौरा स्थगित

  • 17 अक्टूबर का हरियाणा दौरा अपरिहार्य कारणों से टला

  • जिलाध्यक्ष बढौली ने जल्द नई तारीख का दिया संकेत


हरियाणा में दिवंगत आईपीएस वाई पूर्ण कुमार आत्महत्या मामले को लेकर चल रहे सियासी घमासान के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगामी 17 अक्टूबर को होने वाला हरियाणा दौरा स्थगित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री के दौरे के स्थगन का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब विपक्ष इस मामले को लेकर हरियाणा सरकार पर पूरी तरह से हमलावर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसी मामले में मंगलवार को चंडीगढ़ में दिवंगत आईपीएस की पत्नी आईएएस अमनित पी कुमार से मुलाकात करने वाले हैं।

स्थगन के स्पष्ट कारण की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे आईपीएस आत्महत्या केस से उपजे तनाव और विपक्षी हमले के मद्देनजर संवेदनशील स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले राहुल गांधी की मुलाकात के बाद बनने वाले राजनीतिक माहौल को देखते हुए, सरकार ने फिलहाल इस बड़े कार्यक्रम को टालना उचित समझा है।

स्थानीय जिलाध्यक्ष बढौली ने दौरे के स्थगन की पुष्टि करते हुए कहा कि, "प्रधानमंत्री का दौरा अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है। यह दौरा रद्द नहीं हुआ है और जल्द ही नई तारीख की घोषणा की जाएगी।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से निराश न होने की अपील करते हुए नई तारीख के लिए तैयार रहने को कहा।

इस बीच, राहुल गांधी के चंडीगढ़ दौरे ने हरियाणा सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी लगातार अमनित कुमार से मिलकर मान-मनौवल कर रहे हैं। पीएम मोदी के दौरे का स्थगन इस बात का संकेत देता है कि राज्य सरकार फिलहाल आईपीएस मामले को शांत करने और विपक्षी आक्रमण का जवाब देने पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहती है।