भाजपा नेता से रिश्‍वत लेते बिजली वितरण निगम का जेई गिरफ्तार

एंटी करप्शन ब्यूरो ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के जेई धर्मवीर सिंह को बीजेपी नेता भवानी सिंह से रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

भाजपा नेता से रिश्‍वत लेते  बिजली वितरण निगम  का जेई गिरफ्तार

एसीबी ने बिजली निगम के जेई धर्मवीर सिंह को रिश्वत लेते पकड़ा
बीजेपी नेता भवानी सिंह से बिल पास करने के एवज में मांगी थी 1 लाख रुपए
34 हजार रुपए लेते ही रंगे हाथों दबोचा, निगम कार्यालय में मचा हड़कंप


एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार दोपहर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में बड़ी कार्रवाई करते हुए जूनियर इंजीनियर (JE) धर्मवीर सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

यह मामला उस समय उजागर हुआ जब भवानी सिंह, जो बीजेपी किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश सचिव और बिजली निगम में ठेकेदार हैं, ने एसीबी को शिकायत दी। भवानी सिंह ने आरोप लगाया था कि जेई धर्मवीर सिंह ने बिजली लाइन खींचने के कार्य का बिल पास करने के लिए उनसे एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसीबी ने पूरी योजना बनाई और मंगलवार को बिजली निगम कार्यालय में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान जेई धर्मवीर सिंह को 34 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। जैसे ही गिरफ्तारी हुई, कार्यालय में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोप सही पाए गए हैं। आरोपी जेई के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है। वहीं, इस घटना से बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

यह पहली बार नहीं है जब बिजली विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हों। आए दिन ठेकेदारों और उपभोक्ताओं से रिश्वत मांगने की शिकायतें आती रहती हैं। इस कार्रवाई से जहां आम जनता में एसीबी की सख्ती का संदेश गया है, वहीं विभाग के अंदरूनी भ्रष्टाचार पर भी पर्दा उठ गया है।