यूथ कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ताओं पर एफआईआर

असंध नगरपालिका गेट पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर ताला लगाया। सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

यूथ कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ताओं पर एफआईआर
  • यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज

  • नगरपालिका गेट पर ताला लगाकर किया प्रदर्शन, कर्मचारियों को किया बंद

  • कांग्रेस बोली—भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई, मुकदमों से डरने वाले नहीं


करनाल जिले के असंध नगरपालिका कार्यालय में मंगलवार को हुए हंगामे के बाद पुलिस ने यूथ कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इन लोगों ने सरकारी कामकाज में बाधा डाली और नगरपालिका के गेट पर ताला जड़ दिया।

नगरपालिका सचिव प्रदीप कुमार की शिकायत के अनुसार, उस समय दफ्तर में रोजमर्रा का सरकारी काम चल रहा था। तभी यूथ कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष रजत लाठर, जतिन बिंदल, सोनिया बोहत, युधिष्ठिर राणा, स्वाधुदिन दुपेड़ी समेत करीब 30-40 लोग वहां पहुंच गए। इन लोगों ने नारेबाजी करते हुए नगरपालिका गेट पर ताला लगा दिया और कर्मचारियों व नागरिकों को अंदर बंद कर दिया।

कर्मचारियों ने गेट का ताला तोड़ने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें रोक दिया। काफी देर बाद कर्मचारियों ने किसी तरह ताला तोड़कर बाहर निकला, लेकिन तब तक सरकारी कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो चुका था।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रधान नगरपालिका सुनीता को फोन पर अवगत कराया गया। वह सचिव प्रदीप कुमार के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। सचिव ने पुलिस को बताया कि संबंधित व्यक्तियों ने जानबूझकर सरकारी कार्य में बाधा डाली है। शिकायत पर असंध थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी ओर, यूथ कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष रजत लाठर और सोनिया बोहत ने कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई है और केवल गेट पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि यदि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर मुकदमे दर्ज होंगे तो कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि “हम जनता की आवाज को दबने नहीं देंगे और कुर्सी घोटाले के मुद्दे को और जोर-शोर से उठाएंगे।