भाई दूज 2025: तीन शुभ योगों में भाई-बहन का त्योहार, जानें कब लगवाएं टीका
भाई दूज 2025 तीन शुभ योगों में मनाया जा रहा है। इस दिन बहनें भाई का टीका कर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें। शुभ मुहूर्त सुबह 6:19 बजे से दोपहर 1:21 बजे तक है।
➤ भाई दूज 2025 तीन शुभ योगों में मनाया जा रहा है
➤ शुभ मुहूर्त सुबह 6:19 बजे से दोपहर 1:21 बजे तक
➤ बहनें भाई को टीका कर लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें
दीपोत्सव के अंतिम पर्व भाई दूज का त्योहार इस बार तीन शुभ योगों के संग मनाया जा रहा है। यह पर्व भाई-बहन के पावन स्नेह और प्रेम का प्रतीक है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज मनाया जाता है। पंडित मुकेश मिश्रा के अनुसार इस वर्ष विशाखा नक्षत्र, आयुष्मान योग, बुधादित्य योग और शिववास योग का संयोग बन रहा है, जो इस दिन को अत्यंत शुभ बनाता है।
इस अवसर पर भगवान शिव कैलाश पर माता गौरी के साथ रहेंगे। शिववास योग के दौरान शिव परिवार की पूजा से सकल मनोरथ सिद्ध माने जाते हैं। इस दिन बहनों की परंपरा होती है कि वे कलम-दवात और भगवान चित्रगुप्त की पूजा भी करें।
विधि: पूजा थाली में रोली, चंदन, अक्षत, दीपक, मिठाइयां और नारियल रखें। भाई को पूर्व या उत्तर दिशा की ओर बिठाकर माथे पर रोली या चंदन का तिलक करें। उनकी आरती उतारें और लंबी उम्र, सुख-समृद्धि की कामना करें।
शुभ मुहूर्त: सुबह 6:19 बजे से दोपहर 1:21 बजे तक।
शुभ चौघड़िया: शाम 4:09 बजे से 5:34 बजे तक।
मध्याह्न 1:21 बजे से 2:45 बजे तक राहुकाल है, इस दौरान पूजा-अर्चना से परहेज करें।
शहर में त्योहार की रौनक: भाई दूज की खरीदारी ने बाजारों को रंगीन बना दिया। मिठाई और उपहार की दुकानें देररात तक गुलजार रहीं। बहनों ने भाइयों के लिए ओवन बेक्ड मिठाइयां, मेवा लड्डू, नवरत्न लड्डू, मल्टीग्रेन लड्डू खरीदे। नारियल की बिक्री सामान्य दिनों के मुकाबले बढ़कर 550 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई।
भाई भी अपनी बहनों को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन, होम अप्लायंसेज, ब्लूटूथ स्पीकर, फोटो फ्रेम, हैंडबैग, कपड़े और जूलरी उपहार में देंगे। कई भाइयों ने गिफ्ट कस्टमाइज्ड भी कराया।
भाई दूज का यह पर्व भाई-बहन के स्नेह और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती का प्रतीक है और इसे तीन शुभ योग में मनाना इसे और अधिक शुभ और मंगलकारी बनाता है।
Author1