एग्जाम देकर लौट रहा था छात्र, हरियाणा रोडवेज के चालक- परिचालक ने दौड़ा- दौड़ा कर पीटा, दोनो सस्पेंड
भिवानी में हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्र को लोहे की रॉड से पीटा। वीडियो वायरल होने के बाद दोनों कर्मचारी सस्पेंड, पुलिस जांच जारी।
• भिवानी में हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर-कंडक्टर ने छात्र को लोहे की रॉड से पीटा
• दिल्ली से परीक्षा देकर लौट रहा था छात्र, पूरी घटना VIDEO में कैद
• रोडवेज जीएम ने दोनों कर्मचारियों को तत्काल सस्पेंड किया
हरियाणा के भिवानी में रोडवेज कर्मचारियों की बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रोडवेज बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने एक छात्र को लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट दिया। यह पूरी वारदात वीडियो में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पीड़ित छात्र दिल्ली से परीक्षा देकर अपने गांव लौट रहा था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र जान बचाने के लिए दौड़ रहा है, लेकिन रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टर उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीट रहे हैं। आसपास मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश भी करते हैं, लेकिन दोनों कर्मचारी नहीं रुकते।
पीड़ित छात्र आशीष भिवानी जिले के गांव कुड़ल का रहने वाला है। वह दिल्ली की इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से एमए की पढ़ाई कर रहा है। आशीष ने बताया कि वह दिल्ली से पेपर देकर लौट रहा था और अपने साथ एक स्टडी टेबल लेकर आया था।
आशीष ने रोहतक से भिवानी डिपो की एसी बस में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर ने स्टडी टेबल ले जाने से मना कर दिया। छात्र ने टेबल का अलग से टिकट लेने की बात भी कही, लेकिन कंडक्टर ने उसे बस से उतार दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।
इसके बाद छात्र दूसरे वाहन से रोहतक रोड स्थित बाईपास चौक पर उतर गया। कुछ देर बाद वही रोडवेज की एसी बस वहां पहुंची, जो लोहारू की ओर जा रही थी। छात्र ने फिर से बस में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन कंडक्टर ने दोबारा मना कर दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्र को बस से नीचे उतारकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। उसे सरेआम दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। इस हमले में छात्र को गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद रोडवेज प्रशासन हरकत में आया। रोडवेज के जीएम ने आचरण नियम-2016 के उल्लंघन का हवाला देते हुए कंडक्टर सचिन और ड्राइवर कुलदीप को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों को नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलेगा और उन्हें रोजाना एसएस भिवानी में हाजिरी लगानी होगी।
पीड़ित छात्र के परिजनों ने मामले में पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Author1