हरियाणा आ रहे राहुल , जाने कब
रोहतक में सद्भाव यात्रा के दौरान बृजेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात का खुलासा किया। भाजपा पर समाज तोड़ने और नौकरी घोटालों के गंभीर आरोप लगाए।
- राहुल गांधी से मुलाकात का बृजेंद्र सिंह ने किया खुलासा
- 5 महीने बाद यात्रा के समापन में राहुल गांधी के शामिल होने की उम्मीद
- भाजपा पर समाज तोड़ने और नौकरी घोटालों के आरोप
रोहतक में पहुंची सद्भाव यात्रा के दौरान पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ मुलाकात हुई, जिसमें सद्भाव यात्रा और जनता के समर्थन को लेकर चर्चा हुई। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि जब वह चरखी दादरी में थे, तब राहुल गांधी का संदेश आया था। इसके बाद उनसे मिलकर यात्रा के उद्देश्य और जनसमर्थन पर बातचीत की गई।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के यात्रा में शामिल होने पर भी चर्चा हुई है। उम्मीद है कि करीब पांच महीने बाद यात्रा के बड़े समापन कार्यक्रम में राहुल गांधी शामिल होंगे। हालांकि यह पूरी तरह उनके समय-निर्धारण पर निर्भर करता है। वह यात्रा के दौरान भी शामिल हो सकते हैं।
सद्भाव यात्रा के दौरान गांव बालंद में कार्यकर्ता के घर बृजेंद्र सिंह ने जलपान भी किया। यात्रा के दौरान उन्हें लोगों का भरपूर समर्थन मिला और बड़ी संख्या में लोग उनके साथ जुड़े।
बृजेंद्र सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी की सोच विकृत हो चुकी है और वह समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्होंने भाजपा छोड़ी थी क्योंकि वह कभी भी समाज को तोड़ने वाली राजनीति का हिस्सा नहीं बन सकते।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग जो छोटे स्तर की राजनीति करते हैं, उनके बारे में बोलना ठीक नहीं है। यदि भूपेंद्र हुड्डा को कोई परेशानी है तो पहले स्पष्ट करें कि समस्या क्या है—निमंत्रण की कमी या कांग्रेस की यात्रा का स्वरूप।
उन्होंने नौकरी भर्ती व्यवस्था पर भाजपा को घेरा। कहा कि सरकार पर्ची-खर्ची खत्म करने का दावा करती है, जबकि 40% कॉन्स्टेबल, 56% शिक्षक, 50% प्रिंसिपल के पद खाली पड़े हैं। जब नौकरी ही नहीं दी जाएगी तो पर्ची खर्ची का सवाल कहां उठेगा। उन्होंने एचकेआरएन भर्ती को भी बड़ा ड्रामा बताया और कहा कि इसमें बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के बड़े नेता राहुल गांधी वोट चोरी के सबूत दे रहे हैं, लेकिन चुनाव आयोग जवाब देने के बजाय चुप बैठा है। जब इतने बड़े नेता द्वारा तथ्य सामने रखे जा रहे हैं तो आयोग का मौन सवाल खड़ा करता है।
यात्रा में महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। बृजेंद्र सिंह ने बताया कि अब तक 23 हलकों में यात्रा पहुंच चुकी है, लेकिन 22 हलकों की तुलना में रोहतक में महिलाओं की भागेदारी सबसे अधिक रही। यात्रा की शुरुआत में जो शंकाएं थीं, अब दूर हो चुकी हैं।
Author1