दिल्ली ब्लास्ट को सरकार ने आतंकी घटना माना

केंद्र सरकार ने लाल किला धमाके को आतंकी हमला माना। फरीदाबाद से बरामद हुई संदिग्ध कार, पीएम मोदी ने घायलों से की मुलाकात और कहा- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।

दिल्ली ब्लास्ट को सरकार ने आतंकी घटना माना
  • लाल किला ब्लास्ट को केंद्र सरकार ने माना आतंकी हमला
  • फरीदाबाद के खंदावली गांव से बरामद हुई संदिग्ध इकोस्पोर्ट कार
  • प्रधानमंत्री मोदी बोले – साजिशकर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा

दिल्ली में लाल किला के पास हुए धमाके को केंद्र सरकार ने आतंकी हमला करार दिया है। बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में इस पर प्रस्ताव पारित किया गया।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने इस हमले को 'राष्ट्र-विरोधी ताकतों द्वारा किया गया जघन्य कृत्य' बताया है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और सरकार की नीति आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की है।

दिल्ली पुलिस ने आशंका जताई थी कि हमलावरों के पास दो कारें थीं। इनमें से एक लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट (DL10-CK-0458) बुधवार शाम हरियाणा के फरीदाबाद के खंदावली गांव के पास बरामद की गई। यह कार डॉ. उमर उन नबी के नाम पर रजिस्टर्ड बताई गई है।

सूत्रों के अनुसार, फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी से आतंकियों का नेटवर्क संचालित हो रहा था। गिरफ्तार डॉ. शाहीन शाहिद ने बताया कि वह दो साल से विस्फोटक जमा कर रही थी। इस मॉड्यूल में जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद जैसे संगठनों से जुड़े लोग शामिल थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार दोपहर भूटान यात्रा से लौटकर सीधे LNJP अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और इलाज की जानकारी ली। पीएम ने कहा कि “देश पर हमला करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा।”