3 दिन पुरानी वर्दी… 60 साल का नकली CBI इंस्पेक्टर: गांव में रौब, लोगों को शक और खुल गया राज
सोनीपत में पुलिस ने फर्जी CBI इंस्पेक्टर बनकर घूम रहे 60 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी पूर्व पुलिसकर्मी है, जो भ्रष्टाचार केस में बर्खास्त हो चुका है और तीन दिन पहले ही वर्दी खरीदकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था।
- फर्जी CBI इंस्पेक्टर बनकर गांव में रौब झाड़ रहा था
- तीन दिन पहले खरीदी वर्दी लोगों को दिखाता था धौंस
- भ्रष्टाचार केस में पहले ही पुलिस से हो चुका है बर्खास्त
हरियाणा के सोनीपत जिले में पुलिस ने खुद को CBI इंस्पेक्टर बताकर घूम रहे एक फर्जी व्यक्ति को गिरफ्तार कर बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। आरोपी की पहचान रणधीर सिंह, निवासी झज्जर के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है। यह मामला तब सामने आया जब आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर गांव में लोगों पर रौब झाड़ रहा था और उसकी गतिविधियों पर ग्रामीणों को शक हुआ। सूचना मिलने पर सीआईए सेक्टर-3 और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
सबसे अहम बात यह सामने आई कि आरोपी ने महज तीन दिन पहले ही सोनीपत सिटी थाने के सामने स्थित एक दुकान से CBI इंस्पेक्टर की पूरी वर्दी खरीदी थी। वर्दी पहनकर वह गांव-गांव घूम रहा था और खुद को बड़ा अधिकारी बताकर लोगों पर दबाव बना रहा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रणधीर पहले पुलिस विभाग में कार्यरत रह चुका है, लेकिन 2002 में कैथल में भ्रष्टाचार के एक मामले में उसे न केवल निलंबित किया गया बल्कि जेल भी जाना पड़ा। इसके बाद उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था और कई बार बसों में बिना किराया दिए सफर भी करता था। वह झज्जर के गांव सेज पहाड़ीपुर से भटगांव अपने रिश्तेदार के पास आया था, जहां उसने खुद को CBI इंस्पेक्टर बताकर दबदबा बनाने की कोशिश की। गांव के लोगों को जब उसकी बातों और हरकतों पर संदेह हुआ तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक ने बताया कि आरोपी को पूरी पुलिस ड्रेस में गिरफ्तार किया गया है और उससे यह भी पूछताछ की जा रही है कि उसने वर्दी कहां से प्राप्त की और इससे पहले कहीं इस तरह की धोखाधड़ी की है या नहीं। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इस बात से हैरान हैं कि कैसे एक बर्खास्त कर्मचारी फिर से वर्दी पहनकर लोगों को गुमराह करता रहा।
Akhil Mahajan