टोल महंगा, दिल्ली-नोएडा जाने वालों की मुश्किलें बढ़ीं
फरीदाबाद बदरपुर बॉर्डर फ्लाईओवर पर टोल दरें बढ़ा दी गई हैं। कार, कॉमर्शियल और भारी वाहनों पर नई दरें लागू हो गई हैं। रोजाना पांच हजार से ज्यादा वाहन चालकों को इसका असर झेलना होगा।
➤ बदरपुर बॉर्डर टोल दरें बढ़ीं, कार से लेकर भारी वाहन प्रभावित
➤ रोजाना पांच हजार से ज्यादा वाहन चालकों की जेब पर असर
➤ टोल प्लाजा प्रबंधन ने नई दरें लागू कर दी, जानकारी सार्वजनिक
फरीदाबाद से दिल्ली और नोएडा आने-जाने वाले यात्रियों के लिए रविवार से सफर महंगा हो गया है। बदरपुर बॉर्डर फ्लाईओवर स्थित सराय ख्वाजा टोल प्लाजा पर टोल दरों में बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें अब सभी वाहनों पर लागू हैं, हालांकि कार और छोटे वाहनों को सिंगल यात्रा पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
मल्टीपल यात्रा करने वाले कार चालकों को अब पहले से दो रुपये अधिक, यानी 53 रुपये देने होंगे। मंथली पास पर भी 16 रुपये अतिरिक्त शुल्क जोड़ा गया है। जिन वाहन चालकों ने पहले से तीन हजार रुपये वाला पास बनवाया हुआ है, उन पर इन नई दरों का कोई असर नहीं होगा।
हल्के कॉमर्शियल वाहनों के टोल शुल्क में भी इजाफा किया गया है। इन्हें सिंगल यात्रा पर एक रुपया, मल्टीपल यात्रा पर दो रुपये और मंथली पास पर 23 रुपये ज्यादा देने होंगे। अब इन वाहनों का मंथली पास 1567 रुपये की जगह 1590 रुपये में मिलेगा। वहीं भारी वाहनों के लिए सिंगल यात्रा पर दो रुपये और मंथली पास पर 48 रुपये की वृद्धि की गई है।
एनएचआई के मुताबिक, इस टोल से रोजाना करीब पांच हजार छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। दिल्ली और नोएडा के लिए यह सबसे व्यस्त मार्ग है, जिस पर निजी वाहन और औद्योगिक मालवाहक ट्रक बड़ी संख्या में चलते हैं। फरीदाबाद हरियाणा का प्रमुख औद्योगिक केंद्र है, जहां ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, रेफ्रिजरेटर, कपड़ा, फर्नीचर और स्पेयर पार्ट्स का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। इस वजह से यहां से भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है और बढ़ी टोल दरों का सीधा असर उद्योग और परिवहन लागत पर पड़ेगा।
टोल प्लाजा मैनेजर आरके यादव ने बताया कि दरें हर साल रिवाइज होती हैं, लेकिन 2024 में संशोधन नहीं किया गया था। इस साल से संशोधित दरें लागू कर दी गई हैं और प्लाजा पर उनकी जानकारी सार्वजनिक कर दी गई है।