पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ने पूर्व कोच को गोलियों से भूना, मौत, सोनीपत के गन्नौर में दहशत
सोनीपत के गन्नौर में पूर्व कोच रामकरण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी पूर्व कार्यवाहक नगर पालिका अध्यक्ष सुनील लंबू ने तीन गोलियां चलाईं और फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है
➤ गन्नौर में पूर्व कोच रामकरण की गोली मारकर हत्या
➤ आरोपी पूर्व कार्यवाहक नगर पालिका अध्यक्ष सुनील लंबू ने गाड़ी रोककर चलाई तीन गोलियां
➤ वारदात के बाद गन्नौर में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
गन्नौर कस्बे के लहरी सिंह पार्क के पास उस समय अफरातफरी मच गई जब पूर्व कोच रामकरण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात की खबर फैलते ही पूरे गन्नौर में दहशत और सन्नाटा पसर गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक रामकरण गन्नौर के ही निवासी थे और लंबे समय तक खेल कोच के रूप में सेवाएं दे चुके थे। बताया जा रहा है कि वे किसी कार्य से बाहर निकले थे, तभी पूर्व कार्यवाहक नगर पालिका अध्यक्ष सुनील लंबू अपनी कार से पहुंचे और रास्ते में उन्हें रोक लिया। देखते ही देखते सुनील लंबू ने पिस्टल निकालकर तीन गोलियां दाग दीं, जिनमें से दो रामकरण के सीने में और एक कंधे में लगी।
गोली लगते ही रामकरण लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश के बावजूद मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी सुनील लंबू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात इतनी अचानक हुई कि किसी को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी पुराने विवाद या राजनीतिक रंजिश को लेकर तनाव चल रहा था। हालांकि पुलिस अभी तक हत्या के कारणों की पुष्टि नहीं कर पाई है और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
वारदात के बाद गन्नौर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
एसीपी ऋषिकांत ने कहा कि आरोपी की पहचान स्पष्ट है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Author1