हरियाणा में सीजन की सबसे कड़ाके की ठंड, हिसार 6.3 डिग्री पर
हरियाणा में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। हिसार में तापमान 6.3 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि 11 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंचा। अगले दिनों में ठंड और बढ़ेगी।
हरियाणा में सीजन की सबसे कड़ाके की ठंड शुरू
हिसार का तापमान 6.3 डिग्री पर, 11 शहरों में पारा 10 से नीचे
अगले 5 दिनों में दिन के तापमान में भी गिरावट की चेतावनी
हरियाणा में नवंबर का महीना अब तक का सबसे ठंडा साबित हो रहा है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और शुष्क उत्तरी हवाओं के कारण मैदानी इलाकों का तापमान तेजी से नीचे गिरा है। मंगलवार रात से मौसम में बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। रात के समय बादल छाते ही सुबह कई इलाकों में हल्की से मध्यम धुंध फैल गई। इससे विज़िबिलिटी भी प्रभावित हुई और सुबह-सुबह सफर करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हिसार में तापमान 6.3 डिग्री तक लुढ़क गया, जो इस सीजन का सबसे कम रिकॉर्ड है। इससे पहले भी नवंबर महीने में एक बार तापमान 7 डिग्री से नीचे गया था, लेकिन इस बार गिरावट और तेज देखने को मिली। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ, जिनमें हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, नारनौंद, सिरसा, करनाल और रोहतक प्रमुख हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि इस समय पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर सक्रिय है, लेकिन इसका अप्रत्यक्ष असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ रहा है। उत्तरी हवाओं की तेज़ी से रात का तापमान गिर रहा है। उन्होंने कहा कि अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में दिन की ठंड भी बढ़ जाएगी। हल्की बादलवाई के कारण अधिकतम तापमान 1-2 डिग्री नीचे आएगा, जिससे पूरे दिन ठंडक बनी रहेगी।
प्रदेश के ग्रामीण इलाकों और खुले क्षेत्रों में सर्द हवाओं का असर ज्यादा दिख रहा है। किसान सुबह की धुंध से फसलों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर सतर्क हैं। कई जगह सुबह के समय धुंध की वजह से यातायात धीमा पड़ गया। मोटरसाइकिल चालकों को तेज ठंडी हवा से बचने के लिए मफलर और जैकेट का सहारा लेना पड़ा।
वहीं, शहरों में भी लोग सुबह व्यायाम और पार्कों में टहलने कम दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों में अचानक ठंड इतनी बढ़ी है कि शाम होते ही घरों में गर्म कपड़े निकालने पड़े। स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों को सुबह-सुबह ठंड में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञों ने साफ कहा है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो प्रदेश में आने वाले दिनों में शीतलहर जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं। फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं, लेकिन पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते हरियाणा में तापमान लगातार नीचे आता रहेगा।
Author1