हरियाणा में घना कोहरा, विजिबिलिटी शून्य तक पहुंची, इस दिन बदलेगा मौसम
हरियाणा में घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित है। जीटी रोड बेल्ट के जिलों में विजिबिलिटी 0 से 20 मीटर तक पहुंची। 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और शीत लहर की चेतावनी जारी।
- हरियाणा में विजिबिलिटी 0 से 20 मीटर तक पहुंची
- 5 जिलों में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
- जीटी रोड बेल्ट में घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर
हरियाणा में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में घना कोहरा छा गया। सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, भिवानी, फतेहाबाद समेत दर्जनभर जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई। कई इलाकों में दृश्यता 0 से 20 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के 5 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों के लिए लाइट जलाकर और धीमी गति से चलने की एडवाइजरी जारी की गई है।
कई जिलों में कोहरा देर रात से ही छाने लगा था, जो सुबह होते-होते और गहरा गया। इसके साथ ही शीत लहर को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार ठंड का असर आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर उत्तरी हरियाणा और जीटी रोड बेल्ट के जिलों में देखने को मिल रहा है। पंचकूला से अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत तक कोहरा छाया हुआ है। अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में कोहरे का प्रभाव अधिक दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग ने पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के 10 जिलों में शीत लहर को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। इनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिले शामिल हैं।
रविवार को प्रदेश में भिवानी का तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हिसार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 31 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच हरियाणा में मौसम बदल सकता है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। उत्तरी जिलों में एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि के भी संकेत मिल रहे हैं। 31 दिसंबर की रात से मौसम में बदलाव शुरू होगा और 1 जनवरी की सुबह से हरियाणा एनसीआर के 60 से 70 प्रतिशत क्षेत्रों में बारिश देखने को मिल सकती है।
Akhil Mahajan