हरियाणा के तीन नगर निगमों के चुनाव पर ब्रेक, वार्डबंदी विवाद बना रोड़ा

हरियाणा के पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगम चुनाव वार्डबंदी विवाद और बोर्ड परीक्षाओं के कारण जनवरी में संभव नहीं। तैयारी अधूरी, चुनाव मार्च–अप्रैल तक खिसकने की आशंका।

हरियाणा के तीन नगर निगमों के चुनाव पर ब्रेक, वार्डबंदी विवाद बना रोड़ा
  • हरियाणा के 3 नगर निगमों के चुनाव जनवरी में होना मुश्किल

  • वार्डबंदी विवाद और बोर्ड परीक्षाओं के कारण प्रक्रिया लटकी

  • अब चुनाव मार्च–अप्रैल 2026 तक खिसकने की आशंका



हरियाणा के पंचकूला, सोनीपत और अंबाला सिटी नगर निगमों के जनवरी 2026 में प्रस्तावित चुनाव समय पर होने की संभावना कम हो गई है। विभागीय स्तर पर चल रही तैयारियों में देरी और वार्डबंदी से जुड़े विवाद इस प्रक्रिया को आगे खिसका रहे हैं। अधिकारियों व मंत्री स्तर पर यह स्वीकार किया जा चुका है कि तैयारियां दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक ही पूरी हो पाएंगी।

सबसे बड़ी अड़चन वार्डबंदी को लेकर है। तीनों नगर निगमों में वार्डबंदी का काम 20 नवंबर तक पूरा करना था, लेकिन यह लक्ष्य हासिल नहीं हुआ। अंबाला और पंचकूला निगमों में वार्डबंदी को लेकर गंभीर विवाद खड़े हो चुके हैं। पंचकूला में एडहॉक कमेटी गठन का मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया है, जबकि अंबाला में विपक्ष ने कमेटी में कांग्रेस के सदस्यों को शामिल न करने के आरोप लगाए हैं।

सोनीपत नगर निगम में एडहॉक कमेटी की बैठक हो चुकी है, लेकिन पूरे राज्य में वार्डबंदी प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में समय लग रहा है। उधर, उकलाना, सांपला, धारूहेड़ा और नगर परिषद रेवाड़ी में चेयरमैन और प्रधान पदों के आरक्षण के लिए 1 दिसंबर को ड्रॉ ऑफ लॉट आयोजित होगा।

इसके अलावा फरवरी से अप्रैल तक हरियाणा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। प्रैक्टिकल 1 से 17 फरवरी तक होंगे। इस कारण जनवरी और फरवरी में चुनाव कराना मुश्किल है। मार्च में बजट सेशन शुरू होगा, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि निगम चुनाव अब मार्च–अप्रैल 2026 के बाद ही हो पाएंगे।

पंचकूला व सोनीपत नगर निगमों के आरक्षण पैटर्न भी तय कर दिए गए हैं। पंचकूला में 20 सीटों में तीन अनुसूचित जाति, एक एससी महिला, दो पिछड़ा वर्ग ‘ए’, एक बीसी ‘ए’ महिला और सात सामान्य महिला सीटें शामिल हैं। सोनीपत नगर निगम की 22 सीटों में चार अनुसूचित जाति, दो एससी महिला, दो पिछड़ा वर्ग ‘ए’, एक बीसी ‘ए’ महिला और आठ सामान्य महिला सीटें आरक्षित की गई हैं।