हरियाणा विधानसभा का विंटर सेशन आज से, तीन दिन चलेगा-तीन दिन के सत्र में टकराव तय विपक्ष के सवाल, सरकार की पूरी तैयारी

हरियाणा विधानसभा का विंटर सेशन आज से शुरू होने जा रहा है। तीन दिन के सत्र में वोट चोरी, धान घोटाला और लॉ एंड ऑर्डर जैसे मुद्दों पर तीखी बहस के आसार हैं।

हरियाणा विधानसभा का विंटर सेशन आज से, तीन दिन चलेगा-तीन दिन के सत्र में टकराव तय  विपक्ष के सवाल, सरकार की पूरी तैयारी
  • हरियाणा विधानसभा का विंटर सेशन आज से, 3 दिन चलेगा
  • सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से होगी कार्यवाही की शुरुआत
  • विपक्ष के तेवर तीखे, CM नायब सैनी रहेंगे फ्रंट फुट पर


हरियाणा विधानसभा का विंटर सेशन आज से शुरू होने जा रहा है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी। सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री नायब सैनी और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा शोक संदेश पढ़ेंगे। इसके बाद प्रश्नकाल और अन्य कार्यसूची पर चर्चा होगी।

इस बार विधानसभा का विंटर सेशन केवल तीन दिन का रखा गया है। बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में सत्र की अवधि तय की गई थी। विपक्ष की आक्रामक रणनीति को देखते हुए सरकार ने भी सदन के लिए पूरी तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री नायब सैनी सत्र के दौरान हर मुद्दे पर फ्रंट फुट पर जवाब देते नजर आएंगे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि यह सत्र नियमों के अनुसार तय समय से करीब छह महीने पहले बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि सामान्य स्थिति में अगला सत्र फरवरी में होना था, लेकिन सरकार ने समय से पहले विधानसभा सत्र बुलाने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकारों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कई बार केवल दो दिन के सत्र आयोजित किए गए। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में 2017 के बाद विधानसभा सत्रों की अवधि बढ़ाकर चार दिन तक की गई है।

विपक्ष इस विंटर सेशन में कई मुद्दों को लेकर सरकार पर हमलावर रहेगा। कांग्रेस वोट चोरी के आरोप, रोहतक और बहादुरगढ़ में खिलाड़ियों की मौत, मंडियों में धान खरीद घोटाला और प्रदेश की कानून व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बनाएगी। कांग्रेस की ओर से काम रोको प्रस्ताव लाने का भी ऐलान किया जा चुका है।

धान खरीद सीजन के दौरान मंडियों में करीब 80 करोड़ रुपये के कथित घोटाले को लेकर भी सदन में तीखी बहस के आसार हैं। किसान संगठनों की ओर से इस मामले की जांच की मांग पहले ही उठाई जा चुकी है।

लॉ एंड ऑर्डर भी सत्र का बड़ा मुद्दा रहेगा। लगातार मिल रही धमकियों और हत्या की घटनाओं को लेकर कांग्रेस, INLD और जजपा सरकार को घेरने की तैयारी में हैं।

सरकार की ओर से सत्र को लेकर व्यापक तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विधायकों द्वारा उठाए जाने वाले सभी सवालों के जवाब स्पष्ट और तथ्यात्मक हों। मंत्रियों से विकास कार्यों और मुख्यमंत्री घोषणाओं की सूची मंगाई गई है। सत्र से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक भी बुलाई गई है।

विंटर सेशन के हंगामेदार रहने की एक बड़ी वजह कांग्रेस को नेता प्रतिपक्ष मिलना भी मानी जा रही है। करीब एक साल बाद कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट होकर सदन में दिखाई देंगे। वहीं INLD भी सीमित संख्या के बावजूद सरकार पर तीखे हमले की तैयारी में है। हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाएगा।