पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, हरियाणा के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों में ताबड़तोड़ बर्फबारी
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदला है। 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नारनौल में ओले गिरे हैं और कई इलाकों में शीतलहर जारी है।
➤पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, हरियाणा के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट
➤नारनौल में ओलावृष्टि, फतेहाबाद में बारिश शुरू
➤राजस्थान से सटे जिलों में शीतलहर का असर बरकरार
हरियाणा में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने आज 18 जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
नारनौल में बारिश के साथ ओले गिरने की सूचना है, जबकि फतेहाबाद में बारिश शुरू हो चुकी है। भिवानी और रेवाड़ी में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। इससे सुबह और शाम के समय ठिठुरन बनी हुई है। अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से नीचे चल रहा है।
राजस्थान से सटे जिलों में शीतलहर का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सिरसा में कोल्ड वेव को लेकर चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में सुबह से ठंडी हवाएं चल रही हैं और रात व सुबह के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
प्रदेश में कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। सबसे कम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे ग्रामीण और खुले इलाकों में ज्यादा ठंड महसूस की गई। अधिकतम तापमान ज्यादातर जिलों में 18 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भारी बर्फबारी, बर्फीले तूफान, शीतलहर और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने टूरिस्ट और स्थानीय लोगों को अधिक ऊंचे क्षेत्रों की यात्रा टालने की एडवाइजरी जारी की है।
लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर एक-दो स्पेल में भारी हिमपात हो सकता है। वहीं शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन के ऊंचे हिस्सों में भी बर्फ गिरने की संभावना है। निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में तेज बारिश का पूर्वानुमान है।
मौसम अलर्ट को देखते हुए DC कुल्लू तोरुल एस रवीश ने एहतियातन मनाली और बंजार सब-डिवीजन के सभी शिक्षण संस्थानों में आज अवकाश घोषित किया है।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बीती रात से मौसम बदला हुआ है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य 10 जिलों में 60 किमी/घंटा तक की रफ्तार से आंधी-तूफान का पूर्वानुमान है। साथ ही 10 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में कल ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
Akhil Mahajan