25 जनवरी को पूरे हरियाणा में होगी बारिश! तीन पश्चिमी विक्षोभ एक साथ जानें कितना बदलेगा मौसम

हरियाणा में 25 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। तीन पश्चिमी विक्षोभों के कारण कोहरा, बादल, बूंदाबांदी और ज्यादातर जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।

25 जनवरी को पूरे हरियाणा में होगी बारिश! तीन पश्चिमी विक्षोभ एक साथ जानें कितना बदलेगा मौसम
  • हरियाणा में 25 जनवरी तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील
  • तीन पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव से कोहरा, बादल और बारिश की संभावना
  • जीटी रोड बेल्ट में घने कोहरे का अलर्ट, दृश्यता कम रहने की आशंका


हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के अनुसार 25 जनवरी तक राज्य का मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव से कहीं कोहरा तो कहीं बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। आगे चलकर बूंदाबांदी और बारिश के भी आसार बन रहे हैं।

बुधवार को जीटी रोड बेल्ट के कुछ हिस्सों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय दृश्यता काफी कम रह सकती है, जिससे वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है। कोहरे और नमी के कारण रात और अलसुबह ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो रात का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, जबकि दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। 20 जनवरी को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस सोनीपत में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस भिवानी में दर्ज हुआ।

कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 22 से 24 जनवरी के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 24 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 25 जनवरी से प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश के आसार बन रहे हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम गति की हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं धुंध भी छाई रह सकती है।

न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 20 जनवरी को राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि यह सामान्य के आसपास ही बना रहा। सोनीपत के अलावा भिवानी में 5.5 डिग्री और हिसार में 5.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान की बात करें तो औसत अधिकतम तापमान में करीब 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई, इसके बावजूद यह सामान्य से लगभग 4 से 5 डिग्री अधिक बना हुआ है। गुरुग्राम में 24 डिग्री और हिसार में 22.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। दिन में हल्की धूप से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली।