कांग्रेस में सम्मान की जंग: हिसार भवन से सैलजा का पोस्टर हटाया, समर्थक आगबबूला
हिसार कांग्रेस भवन से कुमारी सैलजा का पोस्टर हटाकर सुरजेवाला का पोस्टर लगाए जाने पर विवाद, समर्थकों ने इसे अपमान बताया और जिलाध्यक्ष से माफी की मांग की।
- हिसार कांग्रेस भवन से कुमारी सैलजा का पोस्टर हटाया गया
- सुरजेवाला का पोस्टर लगाए जाने पर समर्थकों में आक्रोश
- जिलाध्यक्ष से माफी की मांग, हाईकमान से शिकायत की तैयारी
हरियाणा के हिसार में कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस भवन से वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा का पोस्टर हटाए जाने को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है।
आरोप है कि कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने कांग्रेस भवन पर लगे पुराने पोस्टर को हटवाकर नया पोस्टर लगवा दिया। इस नए पोस्टर में कुमारी सैलजा के फोटो का साइज छोटा कर साइड में कर दिया गया है, जबकि रणदीप सिंह सुरजेवाला को प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के बराबर प्रमुखता दी गई है।
इस कदम से सैलजा समर्थकों में जबरदस्त नाराजगी है। समर्थकों का कहना है कि यह कुमारी सैलजा का अपमान है और कांग्रेस की एकता के संदेश के खिलाफ है। उन्होंने इसे सिरे से अस्वीकार्य बताते हुए पार्टी हाईकमान तक शिकायत पहुंचाने की चेतावनी दी है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता एवं वरिष्ठ नेता एडवोकेट मुकेश सैनी ने इस पूरे मामले पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष को कड़ी नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की बजाय गुटबाजी को बढ़ावा देती हैं।
मुकेश सैनी ने कहा कि कुमारी सैलजा हिसार की बेटी हैं और उन्होंने छह बार सांसद रहते हुए देश की राजनीति में ईमानदारी और संघर्ष की मिसाल कायम की है। उन्होंने मांग की कि जिलाध्यक्ष और इस फैसले से जुड़े लोग सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया मंच संचालन और संगठनात्मक मुद्दों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। उस समय भी उन्हें पार्टी अनुशासन समिति के समक्ष माफी मांगनी पड़ी थी।
Akhil Mahajan