बाइक सवार चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या, जानें वजह
कैथल में बाइक पर जा रहे चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक की मौके पर मौत हुई, दूसरे का शव खेत में मिला। मामला 2012 की पुरानी जमीन रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
- कैथल में बाइक सवार चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या
- एक की मौके पर मौत, दूसरे का शव खेत में मिला
- 2012 की पुरानी जमीन रंजिश से जुड़ा मामला
हरियाणा के कैथल जिले में दिनदहाड़े डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। बाइक पर जा रहे दो व्यक्तियों पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे का शव कुछ दूरी पर खेतों में पड़ा मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने सड़क पर खून और शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। थोड़ी देर बाद खेतों में दूसरे व्यक्ति का शव मिलने से मामला और गंभीर हो गया। मृतकों की पहचान चाचा और भतीजे के रूप में हुई है।
मौके पर पहुंचीं कैथल की एसपी उपासना ने बताया कि सुबह पुलिस को गांव जटेडी के पास एक हत्या की सूचना मिली थी। इसके कुछ ही समय बाद गांव पाई क्षेत्र में खेतों के अंदर एक और शव मिलने की जानकारी आई। दोनों मामलों की कड़ियां आपस में जुड़ी हुई हैं।
प्रारंभिक जांच में यह मामला 2012 की पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। उस समय जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था, जो इतना बढ़ गया था कि दो लोगों की हत्या हो गई थी। अब मारे गए चाचा-भतीजा उस पुराने हत्याकांड में नामजद बताए जा रहे हैं। उस केस में राजेन्द्र को जेल भेजा गया था, जबकि उसके चाचा वीरभान उर्फ भाना का नाम जांच के दौरान हटा दिया गया था। करीब चार से पांच साल पहले ही राजेन्द्र जेल से बाहर आया था।
एसपी उपासना ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों के बीच हाल में किसी तरह के तनाव की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि शुरुआती तौर पर हत्या का कारण पुरानी रंजिश ही माना जा रहा है। पुलिस की सीआईए की तीनों टीमें जांच में जुटी हैं। डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश खुद पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author1