इसराना के एनसी मेडिकल कॉलेज में हरियाणवी विरासत का अनोखा उत्सव
एनसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल इसराना में हरियाणवी विरासत को बचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें पुराने हरियाणा की झलक पेश की गई और अध्यक्ष धर्मवीर गुप्ता ने हेल्थ के साथ संस्कृति बचाने का संदेश दिया।
➤ एनसी मेडिकल कॉलेज इसराना में हरियाणवी विरासत पर हुआ विशेष कार्यक्रम
➤ सांस्कृतिक झलकियों के जरिए पुराने हरियाणा का जीवन किया प्रस्तुत
➤ अध्यक्ष धर्मवीर गुप्ता बोले – हेल्थ के साथ विरासत बचाना भी हमारी जिम्मेदारी
पानीपत के उपमंडल इसराना स्थित एनसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इंडियन एसोसिएशन फॉर एडोलिसेंट हेल्थ (IAAH) के तत्वाधान में एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य हरियाणवी सांस्कृतिक विरासत को संजोना और समाज के सामने उसकी अहमियत को उजागर करना था।
कॉलेज के अध्यक्ष धर्मवीर गुप्ता ने कहा कि हमारा मकसद केवल हेल्थ तक सीमित नहीं है, बल्कि हम अपनी संस्कृति को भी बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने पुराने हरियाणा की झलक पेश करते हुए बताया कि कैसे पहले किसान खेतों में काम करते थे और पूरा परिवार एकजुट होकर खेती में हाथ बंटाता था। महिलाएं एक ही चूल्हे पर खाना बनाती थीं और पूरा परिवार एक साथ बैठकर भोजन करता था।
त्योहारों पर महिलाएं हरियाणवी परिधान पहनकर इकट्ठी होती थीं और पारंपरिक गीत गाया करती थीं। इसी परंपरा को जीवित रखने के लिए इस कार्यक्रम में रोशन लाल के कुनबे ने पुराने जमाने का दृश्य प्रस्तुत किया, जिसमें पुरुष बैठक में हुक्का पीते नजर आए तो वहीं महिलाएं कली का आनंद उठाती दिखीं।
धर्मवीर गुप्ता ने कहा कि यह प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने की कोशिश है। कार्यक्रम में करनाल के रिटायर्ड एडिशनल डीसीपी रामकुमार शर्मा, नरेश कौशिक और कॉलेज के अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।
Akhil Mahajan