कोठी के अंदर घुसा तेंदुआ , मचा हड़कंप, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट, ड्रोन से निगरानी, धरपकड़ के लिए पुलिस और वन विभाग का संयुक्त ऑपरेशन
पंचकूला के सेक्टर-6 में कोठी के अंदर तेंदुआ दिखने से हड़कंप मच गया। वन विभाग और पुलिस ने ड्रोन से निगरानी शुरू की और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी।
- पंचकूला के सेक्टर-6 में कोठी के अंदर दिखा तेंदुआ, अलर्ट जारी
- वन विभाग और पुलिस का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन, ड्रोन से निगरानी
- लोगों को घरों में रहने की सलाह, आसपास के सेक्टरों में सतर्कता
हरियाणा के पंचकूला में तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया है। शनिवार दोपहर को सेक्टर-6 स्थित कोठी नंबर 252 में तेंदुआ घुसा हुआ देखा गया, जिसके बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। तेंदुए को पकड़ने के लिए दोनों विभागों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तेंदुए की सटीक लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया गया, जिसमें तेंदुआ घर की चारदीवारी फांदकर भागता हुआ नजर आया।
तेंदुए की मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों में ही सुरक्षित रहें। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस और वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है और लगातार निगरानी की जा रही है।
पंचकूला के सेक्टर-6 में तेंदुआ दिखने के बाद आसपास के सेक्टरों में भी अलर्ट कर दिया गया है। इनमें सेक्टर-4, सेक्टर-8, सेक्टर-9, सेक्टर-12 और सेक्टर-17 शामिल हैं। इसके अलावा मंसूरी देवी और माजरी जैसे इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
तेंदुआ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है। इन फुटेज के आधार पर वन्यजीव टीम तेंदुए की मूवमेंट का आकलन कर रही है, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
इससे एक दिन पहले मोरनी के दाबला गांव में भी तेंदुआ एक घर के भीतर घुस गया था। कुत्ते के भौंकने से घरवाले जाग गए और शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया था।
लगातार आबादी वाले इलाकों में तेंदुओं की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि रात के समय गांवों और सड़कों पर निकलना खतरे से खाली नहीं है और कई बार तेंदुए अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं।
Akhil Mahajan