पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़, विक्रम मर्डर केस में 4 आरोपी गिरफ्तार

पानीपत के विक्रम मर्डर केस में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, हथियार भी बरामद।

पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़, विक्रम मर्डर केस में 4 आरोपी गिरफ्तार
  • विक्रम मर्डर केस में 4 आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

  • दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

  • सट्टेबाजी के विरोध में की गई थी कारोबारी की हत्या



पानीपत पुलिस ने कारोबारी विक्रम हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ शुक्रवार देर शाम 27 दिसंबर को मोहाली से बबैल रोड पर हुई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार की टीम ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर बबैल नाके पर गंदा नाला की पुलिया के पास ट्रैप लगाया। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी दीपक और अक्षय के पैर में गोली लगी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों ने बीती शुक्रवार की रात खटीक बस्ती निवासी 38 वर्षीय वेस्ट कारोबारी विक्रम की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।

परिजनों के अनुसार, विक्रम धर्मशाला परिसर में चल रही सट्टेबाजी का लगातार विरोध कर रहा था। इसी रंजिश के चलते पहले भी उस पर दो बार हमला किया गया था। हत्या के बाद आरोपियों ने परिवार को धमकी भरी चिट्ठी भी भेजी थी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।