कुरुक्षेत्र में आज पीएम मोदी का दौरा, गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी समागम में होंगे शामिल

पीएम मोदी आज कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर समागम में शामिल होंगे। गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित सिक्का, डाक टिकट जारी करेंगे और गीता जयंती आरती में भाग लेंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।

कुरुक्षेत्र में आज पीएम मोदी का दौरा, गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी समागम में होंगे शामिल
  • पीएम नरेंद्र मोदी आज कुरुक्षेत्र दौरे पर, गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम में होंगे शामिल

  • ज्योतिसर अनुभव केंद्र, पंचजन्य शंख स्मारक का लोकार्पण और गीता जयंती महोत्सव में शामिल होंगे

  • जिले में 3-लेयर सुरक्षा, 155 एकड़ में पंडाल, लंगर हॉल और प्रदर्शनी की भव्य तैयारियाँ


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 25 नवंबर को 15वीं बार हरियाणा आ रहे हैं। कुरुक्षेत्र में यह उनका छठा दौरा होगा। प्रधानमंत्री दोपहर 3:55 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। सबसे पहले वे ज्योतिसर में आयोजित सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित समागम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे गुरु को समर्पित एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री ज्योतिसर अनुभव केंद्र का लोकार्पण करेंगे और पंचजन्य शंख स्मारक का शुभारंभ करेंगे। अंत में प्रधानमंत्री इंटरनेशनल गीता जयंती महोत्सव में शामिल होंगे और ब्रह्मसरोवर पर होने वाली संध्याकालीन आरती में भाग लेंगे। मोदी करीब ढाई घंटे कुरुक्षेत्र में रुकेंगे

अयोध्या से कुरुक्षेत्र पहुँचेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या से विशेष विमान से अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। यहां से वे हेलिकॉप्टर से कुरुक्षेत्र जाएंगे। उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की भी संभावना है। वापसी में पीएम सड़क मार्ग से अंबाला एयरफोर्स स्टेशन जाएंगे और वहां से विमान द्वारा दिल्ली लौटेंगे।

कुरुक्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पीएम मोदी के दौरे को लेकर पूरे जिले में 3 लेयर सुरक्षा लागू की गई है। बाहरी सुरक्षा में 12 SP, 36 DSP और 5 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग रूट प्लान तैयार किया है।

155 एकड़ में बने पंडाल, पीएम जमीन पर बैठेंगे

श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी समागम के लिए 155 एकड़ में पंडाल तैयार किए गए हैं। मुख्य पंडाल 25 एकड़ में बनाया गया है और इसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब विराजमान होंगे। मंच के एक ओर 350 बच्चियां कीर्तन करेंगी। दूसरी ओर पीएम मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्तित्व बैठेंगे।

इस पंडाल में कुर्सियाँ नहीं होंगी, हर कोई जमीन पर बैठकर कार्यक्रम में शामिल होगा।

जोड़ा घर और लंगर हॉल

मुख्य पंडाल के पास 2 जोड़ा घर बनाए गए हैं, जिनकी क्षमता 5-5 हजार जोड़े रखने की है। इसी क्षेत्र में दो बड़े लंगर हॉल बनाए गए हैं, जो लगभग 10-10 एकड़ में फैले हैं। यहां सुबह से शाम तक गुरु का लंगर चलता रहेगा। पीएम मोदी भी यहां लंगर प्रसाद ग्रहण करेंगे।

प्रदर्शनी और पार्किंग व्यवस्था

कार्यक्रम में आने वाली संगत के लिए 20 एकड़ से अधिक पार्किंग बनाई गई है। VIP और VVIP पार्किंग अलग रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर 20 एंट्री गेट बनाए गए हैं जहाँ सख्त चेकिंग होगी।

मुख्य पंडाल के पास सिख इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें गुरु तेग बहादुर जी की जीवनी, शिक्षाएं और समाज के लिए उनके योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रधानमंत्री इस प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।

ड्रोन और ग्लाइडर पर पाबंदी

पीएम मोदी की सुरक्षा को देखते हुए कुरुक्षेत्र में ड्रोन और ग्लाइडर उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ज्योतिसर से थर्ड गेट तक का मार्ग पूरी तरह सील कर दिया गया है। NH-44 से ब्रह्मसरोवर तक जाने वाले KDB रोड पर भी आमजन की आवाजाही बंद रहेगी।

पुरुषोत्तमपुरा बाग की एंट्री बंद

प्रधानमंत्री की ब्रह्मसरोवर पर आरती के दौरान पुरुषोत्तमपुरा बाग और मुख्य मार्ग पर आम जनता की आवाजाही रोक दी जाएगी। किसी भी तरह की मूवमेंट उस समय प्रतिबंधित रहेगी।