कारोबारी का कातिल मुठभेड़ के बाद पकड़ा: एनकाउंटर में CIA इंचार्ज-SI को गोली लगी; बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचाया बदमाश सोनीपत का रहने वाला, 20 केस दर्ज

रेवाड़ी में देर रात पुलिस मुठभेड़ में खाद व्यापारी हत्या का मुख्य आरोपी जयभगवान उर्फ सोनू घायल होकर गिरफ्तार। पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग की थी।

कारोबारी का कातिल मुठभेड़ के बाद पकड़ा:  एनकाउंटर में  CIA इंचार्ज-SI को गोली लगी; बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचाया बदमाश सोनीपत का रहने वाला, 20 केस दर्ज
  • रेवाड़ी में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़
  • पांच राउंड फायरिंग, CIA इंचार्ज और SI की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोलियां
  • खाद व्यापारी हत्या का मुख्य आरोपी जयभगवान उर्फ सोनू गिरफ्तार


हरियाणा के रेवाड़ी जिले में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर पांच राउंड फायरिंग की। फायरिंग में CIA इंचार्ज योगेश हुड्डा और STF के SI विवेक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं, जिससे दोनों अधिकारी सुरक्षित बच गए।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने दो राउंड फायरिंग की। दोनों गोलियां बदमाश के पैरों में लगीं, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और रात को ही सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल बदमाश की पहचान सोनीपत के पिनाना गांव निवासी जयभगवान उर्फ सोनू के रूप में हुई है। वह रेवाड़ी के बहाला गांव में खाद व्यापारी मोहन की हत्या का मुख्य आरोपी है। पुलिस के अनुसार, सोनू पर विभिन्न थानों में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे CIA धारूहेड़ा और गुरुग्राम STF को सूचना मिली थी कि खाद व्यापारी हत्या का आरोपी सोनू मान खरखड़ा से भटसाना की ओर जा सकता है। इसके बाद पुलिस टीमों ने इलाके में नाकेबंदी की। जब पुलिस ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी

पुलिस के अनुसार, बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में एक-एक गोली CIA इंचार्ज और STF के SI की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की और बदमाश को घायल कर दबोच लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जयभगवान उर्फ सोनू ने करीब दो दशक पहले अपराध की दुनिया में कदम रखा था। उसका पहला केस जुलाई 2003 में गोहाना थाने में दर्ज हुआ था। गोहाना थाने में उस पर चार, गोहाना सदर, मोहाना, जुलाना, खेड़ा चौपटा, बहादुरगढ़ और झज्जर में अलग-अलग मामले दर्ज हैं। दिल्ली के नरेला, बेगमपुर और साउथ रोहिणी थानों में भी केस दर्ज हैं। कुल 21 मामलों में से 10 हत्या के हैं, जबकि बाकी हत्या के प्रयास और लूट से जुड़े हैं।