सोनीपत में मुठभेड़: पिता–पुत्र हत्याकांड का वांछित शूटर शुभम ढेर
सोनीपत में एंटी गैंगस्टर यूनिट और CIA-1 की मुठभेड़ में गोपालपुर पिता–पुत्र हत्याकांड का वांछित शूटर शुभम ढेर हो गया। उसका साथी बाइक समेत फरार है। पुलिस जांच जारी है।
-
सोनीपत में एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर 7 और CIA-1 की बदमाशों से मुठभेड़
-
24 अक्टूबर को पिता–पुत्र की हत्या में वांछित शूटर शुभम ढेर
-
शुभम का साथी बाइक सहित फरार, पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की
सोनीपत में मंगलवार देर शाम एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 और CIA-1 की टीमों ने कुंडली–मानेसर–पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर कुख्यात शार्प शूटर शुभम के साथ मुठभेड़ में उसे मार गिराया। शुभम 24 अक्टूबर को खरखोदा क्षेत्र के गोपालपुर गांव में पिता–पुत्र धर्मवीर और मोहित की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी था और उस घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस की संयुक्त टीम पिता–पुत्र हत्याकांड की जांच कर रही थी। टीम को शुभम और उसके एक साथी के एक्सप्रेसवे से गुजरने की सूचना मिली। पुलिस ने उनका पीछा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शूटर शुभम को गोली लगी और वह मौके पर ढेर हो गया। उसका साथी बाइक के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सूत्रों के मुताबिक शुभम पर दर्जनभर के करीब संगीन आपराधिक मामलों में आरोप थे और वह कई वारदातों में गैंगस्टरों के लिए कॉन्ट्रैक्ट किलर के रूप में काम करता था। गोपालपुर हत्याकांड में भी उसने धर्मवीर और मोहित को नजदीक से गोलियां मारकर मौत के घाट उतारा था। उसकी इस वारदात के बाद से पुलिस लगातार दबाव में थी और उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई थीं।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सोनीपत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर खानपुर PGI भेजा गया जहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फरार साथी की तलाश में पुलिस ने एक्सप्रेसवे और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है।
Author1