विनेश फोगाट ने संन्यास वापस लिया, LA 2028 ओलिंपिक में उतरने का ऐलान

पेरिस ओलिंपिक में वजन विवाद से डिसक्वालिफाई हुईं विनेश फोगाट ने संन्यास वापस लेते हुए 2028 LA ओलिंपिक खेलने का ऐलान किया। सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा की।

विनेश फोगाट ने संन्यास वापस लिया,  LA 2028 ओलिंपिक में उतरने का ऐलान
  • विनेश फोगाट ने संन्यास वापस लिया

  • LA 2028 ओलिंपिक में उतरने का ऐलान

  • पेरिस 2024 में वजन बढ़ने पर डिसक्वालिफाई होने के बाद छोड़ी थी कुश्ती



पंचकूला की स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती के मैट पर वापसी का बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि वह 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में उतरेंगी। यह ऐलान उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर किया।

विनेश ने लिखा कि लोग उनसे पूछते रहे कि क्या पेरिस ओलिंपिक उनका आखिरी मुकाबला था। लंबे समय तक उनके पास इसका कोई जवाब नहीं था। उन्होंने कहा कि उन्हें मैट से, दबाव से, उम्मीदों से और यहां तक कि अपने सपनों से भी दूर जाने की जरूरत थी।

उन्होंने बताया कि उन्होंने सालों बाद खुद को सांस लेने दिया और अपने पूरे सफर को समझने का समय लिया। उतार-चढ़ाव, टूटे सपने, त्याग… सबके बीच उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें यह खेल अब भी बेहद प्रिय है और वह अब भी मुकाबला करना चाहती हैं।

विनेश ने आगे लिखा कि खामोशी के बीच उन्हें अपनी वह ‘आग’ फिर दिखाई दी, जो कभी खत्म नहीं होती। उन्होंने कहा कि चाहे जितनी दूर चली जाएं, उनका एक हिस्सा मैट पर ही रह जाता है। इसलिए वे LA28 की ओर निडर होकर वापस कदम बढ़ा रही हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि इस बार वे अकेली नहीं चल रही हैं। उनका बेटा उनकी टीम और सबसे बड़ी प्रेरणा के रूप में उनके साथ LA ओलिंपिक की इस यात्रा में शामिल होगा।

पेरिस ओलिंपिक के बाद लिया था संन्यास
2024 पेरिस ओलिंपिक में विनेश फोगाट फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला रेसलर बनी थीं। वह शानदार फॉर्म में थीं और स्वर्ण जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही थीं, लेकिन फाइनल से कुछ घंटे पहले उनका वजन नियम से 100 ग्राम ज्यादा पाया गया। इसके चलते उन्हें डिसक्वालिफाई कर दिया गया।

इस घटना के 17 घंटे बाद उन्होंने संन्यास का ऐलान करते हुए लिखा था कि ‘मां कुश्ती उनसे जीत गई’। उन्होंने कहा था कि उनका सपना और हिम्मत टूट चुकी है और अब उनमें आगे लड़ने की शक्ति नहीं बची।

सेमीफाइनल में क्यूबा को हराकर बनाया था इतिहास
विनेश ने प्री-क्वार्टर में जापान की वर्ल्ड चैंपियन युई सुसाकी को, क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की ओकसाना लिवाच को और सेमीफाइनल में क्यूबा की गुजमान लोपेजी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

डिसक्वालिफिकेशन के कारण फाइनल में उनकी जगह गुजमान लोपेजी ने मुकाबला खेला, जिसे अमेरिका की सारा हिल्डरब्रांट ने जीत लिया।

तीसरा ओलिंपिक था पेरिस
विनेश 2016 रियो ओलिंपिक में चोट के कारण बाहर हो गई थीं और 2020 टोक्यो ओलिंपिक में क्वार्टर फाइनल में हार गई थीं। पेरिस ओलिंपिक में उन्होंने एक भी मुकाबला नहीं हारा था।