हथिनि कुंड बैराज से युमना नदी में छोड़ा गया 2 लाख 72 हजार 645 क्यूसेक पानी, अगले 30 घंटों में सोनीपत पहुंचने की संभावना

हथिनीकुंड बैराज से 2.72 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। अगले 30 घंटे में सोनीपत पहुंचने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों और पशुधन की सुरक्षा को लेकर राहत कार्य तेज किए।

हथिनि कुंड बैराज से युमना नदी में छोड़ा गया 2 लाख 72 हजार 645 क्यूसेक पानी, अगले 30 घंटों में सोनीपत पहुंचने की संभावना


➤ हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया 2.72 लाख क्यूसेक पानी
➤ अगले 30 घंटे में सोनीपत पहुंचने की संभावना
➤ प्रशासन ने सुरक्षा और राहत कार्यों के लिए तैयारी तेज की



हरियाणा के सोनीपत जिले में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। हथिनीकुंड बैराज से रविवार को लगातार 7 घंटे तक 2 लाख 72 हजार 645 क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया है। विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आशंका जताई है कि यह पानी लगभग 30 घंटे में सोनीपत पहुंचेगा। इसे देखते हुए प्रशासन ने पूरे जिले को अलर्ट मोड पर डाल दिया है।

उपायुक्त सुशील सारवान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले के अधिकारी स्थिति पर चौकस रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि यमुना नदी के किनारे बसे गांवों में तुरंत मुनादी करवाने के आदेश जारी किए जा चुके हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति नदी के तट या बांध के भीतर न जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राथमिकता लोगों की जान-माल और पशुधन की सुरक्षा होनी चाहिए। इसके लिए गांवों के सरपंचों और नंबरदारों को साथ लेकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों, चौपालों और अन्य सुरक्षित जगहों को पहले से ही चिन्हित कर लिया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीणों और उनके पशुओं को तुरंत वहां शिफ्ट किया जा सके।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों की रूपरेखा तैयार कर ली है। सभी विभागों के क्षेत्रीय अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि वे लगातार स्थिति की निगरानी करें और हर पल की रिपोर्ट कंट्रोल रूम तक पहुंचाएं।

स्थानीय लोगों को भी चेतावनी दी गई है कि वह नदी के किनारे जाने से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने साफ किया है कि अगर पानी का स्तर और बढ़ा तो तुरंत लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।