दिल्ली-एनसीआर में GRAP का स्टेज-III वापस लिया, वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद लिया गया फैसला
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने हवा की गुणवत्ता में सुधार देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-III ('गंभीर' श्रेणी) को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। अब स्टेज-I और II की पाबंदियां लागू रहेंगी, ताकि AQI फिर से खराब न हो। यह आदेश 26 नवंबर 2025 को जारी किया गया।
- दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप का स्टेज-III हटा
- हवा की गुणवत्ता में सुधार के बाद CAQM का फैसला
- स्टेज I और II के तहत कार्यवाही रहेगी जारी।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-III ('गंभीर' वायु गुणवत्ता) को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का आदेश जारी कर दिया है। यह फैसला हवा की गुणवत्ता में हुए लगातार सुधार के बाद लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में, CAQM ने अपने पिछले आदेश दिनांक 21.11.2025 के तहत जारी संशोधित ग्रेप के स्टेज-III को वापस ले लिया है।
CAQM की उप-समिति ने अपनी बैठक में क्षेत्र की वायु गुणवत्ता की स्थिति और आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमान की समीक्षा की। समिति ने पाया कि पिछले तीन दिनों से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार हो रहा है, और यह 327 दर्ज किया गया है। यह 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। हालांकि, आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमान में यह भी कहा गया है कि आने वाले दिनों में एक्यूआई 'बहुत खराब' श्रेणी में ही रहने की संभावना है।
इस सुधार के मद्देनज़र, उप-समिति ने 11.11.2025 को जारी किए गए अपने आदेश को वापस लेने और संशोधित ग्रेप की स्टेज-III ('गंभीर' वायु गुणवत्ता) को तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय करने का निर्णय लिया है।
हालांकि, ग्रेप के स्टेज-I और स्टेज-II के तहत आने वाली कार्यवाहियां (21.11.2025 को जारी संशोधित योजना के अनुसार) लागू रहेंगी। सभी एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे सतर्कता बनाए रखें और स्टेज-I और II के उपायों को तेज करें, ताकि वायु गुणवत्ता 'गंभीर' या 'अति गंभीर' श्रेणी में न फिसल जाए।
इसके अलावा, ऐसे निर्माण और विध्वंस (C&D) स्थल, जिन्हें नियमों के उल्लंघन या गैर-अनुपालन के कारण बंद करने के विशिष्ट आदेश दिए गए थे, वे CAQM के अगले विशिष्ट आदेश के बिना फिर से शुरू नहीं होंगे। आयोग ने नागरिकों से भी अनुरोध किया है कि वे ग्रेप के स्टेज-I और II के तहत दिए गए नागरिक चार्टर का कड़ाई से पालन करें, क्योंकि सर्दियों के दौरान मौसम की स्थिति अक्सर प्रतिकूल होती है।
Author1