पुलिस बोली रेकी की, परिवार ने कहा – गैंगस्टर से कोई नाता नहीं

दिशा पाटनी फायरिंग केस में सोनीपत निवासी अनिल की गिरफ्तारी से परिवार सदमे में है। पत्नी और मां ने कहा कि अनिल बेकसूर है, जबकि पुलिस दावा कर रही है कि उसने रेकी की थी।

पुलिस बोली रेकी की, परिवार ने कहा – गैंगस्टर से कोई नाता नहीं

दिशा पाटनी फायरिंग केस में सोनीपत का नाम फिर चर्चा में
➤ आरोपी अनिल की पत्नी और मां बोलीं – हमारा बेटा बेकसूर
➤ पुलिस का दावा – अनिल ने रेकी की थी, परिवार का इंकार

सुशील मोर


सोनीपत। बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के आवास पर हुई फायरिंग के मामले में सोनीपत निवासी अनिल की गिरफ्तारी ने हलचल मचा दी है। अनिल के परिवार ने उसके खिलाफ लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से नकारते हुए कहा कि वह कभी किसी गैंगस्टर के संपर्क में नहीं रहा और न ही किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल था।

गांव राजपुर निवासी अनिल की पत्नी और मां का कहना है कि वह एक मैकेनिक है और मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करता है। अनिल की मां अपने पोते को गोद में लेकर कहती हैं, “मेरा बेटा 12 तारीख को मजदूरों को लेने गया था और 17 को भी यहीं था। पुलिस मजदूरी पर गए तीन और लोगों को अपने साथ ले गई है। हमें विश्वास ही नहीं होता कि अनिल वहां मौजूद होगा।” परिवार का दर्द साफ झलकता है क्योंकि अब घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा।

गौरतलब है कि बरेली में रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग की थी। इसके बाद सोनीपत एसटीएफ, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और यूपी एसटीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर शूटर अरुण और रविंद्र को ढेर कर दिया। वहीं, यूपी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद रेकी करने वाले अनिल को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथी दीपक (राजस्थान निवासी) को पैर में गोली लगी।

पुलिस का दावा है कि अनिल ने फायरिंग से पहले रेकी की थी, लेकिन परिवार इस बात को सिरे से खारिज कर रहा है। अनिल की पत्नी का कहना है कि इस पूरे मामले में सोनू राणा का हाथ है।

एक ओर पुलिस लगातार गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर आरोपियों के परिवार सवाल उठा रहे हैं कि उनके बेटे और पति का नाम इस गैंग कनेक्शन में क्यों जोड़ा जा रहा है।