पुलिस कर्मियों का शिकार करने वाले हरियाणा में दो फर्जी विजिलेंस अधिकारी गिरफ्तार

गुरुग्राम में दो फर्जी विजिलेंस अधिकारियों को ट्रैफिक जोनल ऑफिसर से 50 हजार रुपए मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने दिल्ली-NCR में कई वारदातों का खुलासा किया।

पुलिस कर्मियों का शिकार करने वाले हरियाणा में दो फर्जी विजिलेंस अधिकारी गिरफ्तार


गुरुग्राम में दो फर्जी विजिलेंस अधिकारी गिरफ्तार
ट्रैफिक जोनल ऑफिसर से मांगे थे 50 हजार रुपए
दिल्ली-NCR में आधा दर्जन वारदातों का खुलासा



गुरुग्राम। ट्रैफिक पुलिस के जोनल ऑफिसर नरेंद्र से 50 हजार रुपए की मांग करने वाले दो फर्जी विजिलेंस अधिकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में दिल्ली-NCR में आधा दर्जन से ज्यादा वारदातें करने का भी खुलासा किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक (45) निवासी रानीला, चरखी-दादरी और नितिन कुमार (50) निवासी नांगलोई, दिल्ली, वर्तमान में काठमांडू (नेपाल) निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नितिन नेपाल में रहता है और आपराधिक वारदातों के लिए भारत आता जाता है। वहीं दीपक प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। दोनों की मुलाकात 2 साल पहले नेपाल में हुई थी।

दोनों आरोपी गाड़ी में घूमते हुए पुलिसकर्मियों को टारगेट करते थे। ये खुद को विजिलेंस अधिकारी बताते और उनके खिलाफ शिकायत होने की बात कहकर डराते थे। बाद में पैसे की डिमांड की जाती थी।

वारदात 15 अक्टूबर को हुई, जब जेडओ नरेंद्र ट्रैफिक ड्यूटी पर चालान काट रहे थे। तभी ग्रे बलेनो कार में पहुंचे दोनों आरोपियों ने खुद को विजिलेंस अधिकारी बताया और नरेंद्र को बूथ के अंदर ले गए। उन्होंने कहा कि शिकायत आई है और मामले को रफा-दफा करने के नाम पर 50 हजार रुपए की मांग की। तुरंत 5 हजार पार्टी के लिए देने को कहा।

रात में नरेंद्र को धमकी भरा वीडियो भी भेजा गया। इसके बाद जेडओ ने सेक्टर-50 थाने में शिकायत दर्ज कराई

पुलिस कमिश्नर के आदेश पर सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच के इंचार्ज ललित कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-40 की हुडा मार्केट से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई मारुति बलेनो कार भी बरामद कर ली है। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा जाएगा और अन्य मामलों में पूछताछ होगी।