सारे पटवारी मत बनो, एक आदमी बात रखे...एसडीएम ने दिखाया रौब तो लग गए मर्दाबाद के नारे
फतेहाबाद के रतिया में गोशाला जमीन विवाद को लेकर एसडीएम के रवैये से लोग भड़क गए। एसडीएम और सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई। पुलिस ने स्थिति संभाली।
➤ गोशाला विवाद निपटाने पहुंचे एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी
➤ लोगों ने लगाए एसडीएम मुर्दाबाद और सरकार मुर्दाबाद के नारे
➤ एसडीएम के कथित रवैये से भड़के लोग, पुलिस ने संभाला मोर्चा
फतेहाबाद जिले के रतिया शहर में पुरानी गोशाला और श्रीकृष्ण गोशाला के बीच चल रहे जमीन विवाद को सुलझाने पहुंचे एसडीएम सुरेंद्र सिंह के रवैये से लोग भड़क गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एसडीएम मुर्दाबाद और हरियाणा सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाकर रोष जताया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मामले को लेकर एसडीएम सुरेंद्र सिंह, एएसपी दिव्यांशी सिंगला, सिटी एसएचओ पुष्पा सिहाग और पटवारी मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। एसडीएम ने प्राचीन गोशाला से जुड़े लोगों से पूरा मामला बताने को कहा। इस दौरान लोगों की ओर से आरोप लगाए गए कि उनकी बात सुनी नहीं जा रही है।
प्राचीन गोशाला के प्रधान बंटी कंबोज ने बताया कि करीब तीन एकड़ जमीन दान की हुई है, जिसे बेचा नहीं जा सकता। इस पर एसडीएम ने पूछा कि जमीन बेचे जाने का क्या सबूत है। उन्होंने कहा कि पहले यह बताया जाए कि किसने जमीन बेची है। इस बात पर लोग और ज्यादा नाराज हो गए।
एसडीएम द्वारा यह कहे जाने पर कि सारे पटवारी मत बनो, एक आदमी बात रखे, माहौल और बिगड़ गया। वरिष्ठ सदस्य अशोक कुमार के वहां से जाने पर एसडीएम ने कहा कि जाने दो, कोई बात नहीं। इसके बाद सभी लोग जाने लगे और नारेबाजी शुरू हो गई।
मौके पर मौजूद एएसपी दिव्यांशी सिंगला और सिटी एसएचओ पुष्पा सिहाग ने लोगों को समझाया, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई। कमेटी सदस्यों ने आरोप लगाया कि एसडीएम द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसे वे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
प्राचीन गोशाला के प्रधान बंटी सिंगला ने बताया कि गोशाला वर्ष 1962 से संचालित है। यहां एक पुराना मंदिर भी बना हुआ है और लाखों रुपये का निवेश किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीकृष्ण गोशाला कमेटी जमीन बेचने की कोशिश कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर होने नहीं दिया जाएगा।
कमेटी के वरिष्ठ सदस्य अशोक कुमार ने कहा कि श्रीकृष्ण गोशाला कमेटी प्रशासन पर दबाव बनवा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो धरना प्रदर्शन और मरण व्रत किया जाएगा।
Akhil Mahajan