पचास रुपए में घर तक छोड़ देंगे, कहकर कार में बैठाया और फ‍िर लूट लिया, नकदी व पर्स छीना और डराकर UPI के जरिए बैंक खाते से रुपये करवाए ट्रांसफर

गुरुग्राम में सवारी बनकर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों ने कार में बैठाकर मारपीट की और UPI से रुपये ट्रांसफर कराए।

पचास रुपए में घर तक छोड़ देंगे, कहकर कार में बैठाया और फ‍िर लूट  लिया, नकदी व पर्स छीना और डराकर UPI के जरिए बैंक खाते से रुपये करवाए ट्रांसफर

सवारी बनाकर 42 वर्षीय व्यक्ति से मारपीट व लूट
नकदी, पर्स और UPI से खाते से रुपये ट्रांसफर
राजस्थान निवासी तीन आरोपी गिरफ्तार, कार व नकदी बरामद


गुरुग्राम में सवारी बनकर लूटपाट की एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार और 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों ने एक 42 वर्षीय व्यक्ति को कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट की, नकदी व पर्स लूटा और UPI के जरिए बैंक खाते से रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 28 जनवरी 2026 को कंपनी के काम से गुरुग्राम आया था। शाम करीब 6 बजे वह धारुहेड़ा जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार वहां आकर रुकी, जिसमें पहले से चार युवक सवार थे। कार चालक ने 50 रुपये में धारुहेड़ा छोड़ने की बात कही, जिस पर पीड़ित कार में बैठ गया।

कुछ दूरी तय करने के बाद कार में सवार युवकों ने अचानक पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने मारपीट करते हुए पीड़ित का पर्स और 24 हजार रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने जबरदस्ती UPI के माध्यम से पीड़ित के बैंक खाते से 1 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए और उसे रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने जांच तेज की और तकनीकी व मैनुअल इनपुट के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय रतन सिंह शेखावत, 21 वर्षीय रघु शेखावत निवासी जयपुर और 25 वर्षीय गुड्डू खान के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पूर्व नियोजित योजना के तहत सवारी के बहाने लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वे इससे पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल तो नहीं रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अनजान वाहनों में सवारी करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।