संदीप थे होनहार अफसर, परिवार को अब हमारी जरूरत, फंड जुटाने के लिए DGP की भावुक अपील

ASI संदीप लाठर की सुसाइड के बाद हरियाणा पुलिस उनके परिवार की मदद के लिए आगे आई। DGP ने स्वैच्छिक अंशदान की अपील की, SP रोहतक ने आदेश जारी किया। SIT ने सुसाइड केस की जांच तेज की।

संदीप थे होनहार अफसर, परिवार को अब हमारी जरूरत, फंड जुटाने के लिए DGP की भावुक अपील


➤ASI संदीप लाठर की मौत के बाद पुलिस जुटा रही परिवार के लिए फंड
➤DGP और SP रोहतक ने जारी किया स्वैच्छिक अंशदान का पत्र
➤पुलिसकर्मियों ने बनाया वॉट्सऐप ग्रुप, एक ने पूरी सैलरी दान की


 हरियाणा पुलिस के ASI संदीप लाठर के सुसाइड के बाद अब पूरा पुलिस विभाग उनकी फैमिली की मदद के लिए आगे आया है। डीजीपी हरियाणा की ओर से सभी पुलिस कर्मियों को एक लेटर जारी किया गया है, जिसमें संदीप लाठर की पत्नी, बच्चों और माता के लिए स्वैच्छिक आर्थिक सहायता करने की अपील की गई है। डीजीपी ने लिखा है कि संदीप एक ईमानदार और होनहार अफसर थे, जिन्होंने कई केसों में अहम भूमिका निभाई थी। उनके निधन से पुलिस विभाग ने एक समर्पित कर्मी को खो दिया है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि संदीप लाठर की फैमिली में उनकी मां, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है, जिनमें से दो बच्चे नाबालिग हैं और तीनों ही पढ़ाई कर रहे हैं। आर्थिक सहयोग के लिए पुलिस कर्मियों से अपील की गई है कि वे 3 नवंबर तक अपने स्वैच्छिक योगदान को पुलिस वेलफेयर फंड के खाते में जमा करें। इसके लिए बैंक अकाउंट नंबर भी जारी किया गया है।

SP रोहतक ने भी इस अपील को आगे बढ़ाते हुए सभी थानों को पत्र भेजा है। इसमें विभिन्न रैंक के अनुसार अंशदान की स्लैब तय की गई हैIPS अधिकारी 3000, DSP 2500, इंस्पेक्टर 2000, SI 1800, ASI 1500, अन्य पुलिसकर्मी 1000 और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी 300 रुपये देंगे।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस कर्मियों ने संदीप लाठर की फैमिली की मदद के लिए एक वॉट्सऐप ग्रुप भी बनाया है, जिसमें दान की गई राशि के स्क्रीनशॉट शेयर किए जा रहे हैं। चर्चा है कि एक पुलिसकर्मी ने तो अपनी पूरी महीने की सैलरी ही इस खाते में भेज दी।

SP रोहतक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यदि किसी कर्मी को कोई आपत्ति या सवाल है तो वे 25 अक्टूबर तक अकाउंट ब्रांच डीपीओ से वॉट्सऐप नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

14 अक्टूबर को ASI संदीप लाठर ने अपने मामा के खेतों में बने कोठड़े की छत पर जाकर सर्विस रिवॉल्वर से सुसाइड कर लिया था। उन्होंने एक वीडियो और चार पेज का सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें IPS वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए थे।

अब SIT इस पूरे मामले की जांच कर रही है। टीम ने रोहतक रेंज के आईजी रहे वाई पूरन कुमार की पत्नी, साले और गनर के खिलाफ दर्ज केस से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। जांच में सुसाइड नोट, फोरेंसिक रिपोर्ट, पिस्टल और बरामद खोलों की जांच शामिल की जा रही है। SIT जल्द ही चंडीगढ़ और सुनारिया जेल जाकर बयान दर्ज कर सकती है। अधिकारी इस पर अभी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।