झज्जर एनकाउंटर में CM से मिली 21 खाप पंचायतें,पुलिस की कहानी पर उठाए ये 13 सवाल

झज्जर एनकाउंटर मामले में 21 खाप पंचायतों ने CM नायब सैनी से मुलाकात की। पुलिस कार्रवाई पर 13 सवाल उठाए गए और CCTV फुटेज सौंपकर SIT से जांच की मांग की गई।

झज्जर एनकाउंटर में CM से मिली 21 खाप पंचायतें,पुलिस की कहानी पर उठाए ये 13 सवाल

झज्जर एनकाउंटर मामले में 21 खाप पंचायतों ने CM नायब सैनी से मुलाकात
पुलिस की कार्रवाई पर 13 सवाल उठाए, CCTV फुटेज सौंपी
CM सैनी ने SIT गठन और न्याय का भरोसा दिया



झज्जर के चर्चित पंकज एनकाउंटर प्रकरण और उससे जुड़ी गिरफ्तारियों को लेकर 19 जनवरी की देर शाम अहलावत-27 सहित करीब 21 खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से दिल्ली में मुलाकात की। खाप प्रतिनिधियों ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए पंकज सहित तीन युवकों की तत्काल रिहाई की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने सभी पक्षों की बात सुनते हुए न्याय का आश्वासन दिया और SIT बनाने की बात कही।

खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि जिस तरह से पुलिस कार्रवाई की गई है, उससे क्षेत्र में रोष है। प्रतिनिधियों ने कंपनी कर्मचारी रोहित का CCTV फुटेज भी मुख्यमंत्री को सौंपा। फुटेज में रोहित रोज की तरह पेट्रोल पंप से अपनी बाइक लेकर घर की ओर जाता दिख रहा है। आरोप लगाया गया कि रोहित को गलत तरीके से फंसाया गया

रोहित के परिवार ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह फर्रुखनगर स्थित फ्लिपकार्ट कंपनी में कार्यरत है और उसकी शिफ्ट रात 9 बजे समाप्त होती है। साढ़े 9 बजे कंपनी की बस चलती है, जो करीब 10 बजे झज्जर पहुंचती है। रोहित गांव के मुख्य मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक छोड़ता है और झज्जर से पेट्रोल पंप तक वह किराए की कार से साथियों के साथ आता है।

घटना की रात भी रोहित इसी नियमित प्रक्रिया के तहत पेट्रोल पंप पहुंचा और करीब साढ़े 10 बजे बाइक लेकर निकला। रास्ते में वह पानी के लिए हैंडपंप पर रुका, जहां पंकज ने उससे उसकी लोकेशन पूछी। रोहित ने केवल स्थान बताया। कुछ ही देर बाद पंकज को घर पहुंचने से पहले पुलिस ने उठा लिया और रोहित पर भी अपराध में शामिल होने का मुकदमा बनाकर जेल भेज दिया गया। परिवार ने कहा कि रोहित की ड्यूटी, बस, कार और CCTV से पूरी जांच कराई जा सकती है।

पंकज के पिता आनंद सिंह ने आरोप लगाया कि 15 जनवरी की रात पंकज सांपला रोड स्थित गैलेक्सी होटल गया था। वहां शराब पी रहे लोगों से कहासुनी हुई और पंकज होटल से निकल गया। इसके बाद उसकी गाड़ी का पीछा किया गया। उन्होंने कहा कि पीछा करने वाली गाड़ी न तो पुलिस की थी और न ही कोई वर्दी में था। डर के कारण पंकज ने लाइसेंसी हथियार से चेतावनी स्वरूप फायर किया।

आगे बताया गया कि गोली चलने के बाद पंकज की गाड़ी पंचर हो गई और उसने दूसरी गाड़ी मंगवाई। गांव अच्छेज के पास उसने पीछे पुलिस की गाड़ी देखी तो रुक गया। पंकज ने पुलिस को लाइसेंस और हथियार सौंप दिए और पूरी बात बताई। आरोप है कि इसके बाद पुलिस उसे खेतों में ले गई, जहां पैर में गोली मारी गई, फिर गाड़ियों की टक्कर दिखाई गई और पंकज के हथियार से फायर किए गए।

खाप प्रतिनिधियों ने इन तथ्यों के आधार पर 13 सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।