धान की खरीद न होने पर गुस्साए किसानों ने दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 किया जाम

कुरुक्षेत्र में धान खरीद न होने पर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने दिल्ली-चंडीगढ़ जीटी रोड जाम किया। शाहाबाद मंडी में खरीद शुरू न होने से किसान भड़के, पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट किया।

धान की खरीद न होने पर गुस्साए किसानों ने दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 किया जाम

कुरुक्षेत्र में BKU चढूनी का हाईवे जाम धान की सरकारी खरीद न होने पर गुस्सा
मार्केट कमेटी कार्यालय पर धरना SDM से 2 घंटे बातचीत भी रही नाकाम
पुलिस ने बैरिकेडिंग व ट्रैफिक डायवर्जन किया किसान गलियों से निकल हाईवे पर पहुंचे


कुरुक्षेत्र – हरियाणा में धान खरीद को लेकर किसानों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) के बैनर तले किसानों ने दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) को जाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि 22 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू होने की घोषणा के बावजूद शाहाबाद मंडी में खरीद शुरू नहीं हुई।

जीटी रोड को जाम करके बैठे किसान।

सुबह से ही नाराज किसान नारेबाजी करते हुए मार्केट कमेटी कार्यालय के पास धरने पर बैठ गए। स्थिति बिगड़ती देख एसडीएम चिनार चहल मौके पर पहुंचीं और किसानों से बातचीत की। करीब दो घंटे चली वार्ता बेनतीजा रही। नतीजा यह निकला कि किसान हाईवे जाम करने की चेतावनी के साथ मंडी से निकल पड़े।

अधिकारियों के बातचीत करते BKU अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी।

किसानों की हलचल की खबर मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया। लाडवा रोड पर बैरिकेडिंग कर किसानों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन किसान गलियों और वैकल्पिक रास्तों से निकलकर शिव मंदिर के पास जीटी रोड पर पहुंच गए। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा।

किसानों का कहना है कि सरकार लगातार धान खरीद को लेकर असमंजस पैदा कर रही है। मंडियों में धान तो आ गया है लेकिन खरीद नहीं हो रही, जिससे उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। किसान नेताओं का कहना है कि यदि जल्द खरीद शुरू नहीं हुई तो आंदोलन और तेज होगा।

दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि किसानों की समस्या का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने हालात पर कड़ी नजर रखते हुए अतिरिक्त बल भी तैनात कर दिया है ताकि कहीं स्थिति बेकाबू न हो।