हरियाणा में पारा जमाव बिंदु के करीब, शीतलहर से टूटा रिकॉर्ड

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। हरियाणा में तापमान 0.2°C पहुंचा, पंजाब में 1.2°C दर्ज हुआ। उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार हैं और कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाई गई हैं।

हरियाणा में पारा  जमाव बिंदु के करीब, शीतलहर से टूटा रिकॉर्ड
  • हरियाणा में हिसार का तापमान 0.2°C, दो साल का रिकॉर्ड टूटा
  • पंजाब में 1.2°C, उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना
  • तीन राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं, कोहरे से जनजीवन प्रभावित


उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे पिछले दो साल का रिकॉर्ड टूट गया। पूरे प्रदेश में आज शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की गई है। ठंड और कोहरे के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

पंजाब में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक तेज सर्दी और कोहरे की संभावना जताई है। हालात को देखते हुए स्कूलों का समय बदल दिया गया है।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल पार्क, भागीरथी नदी और जाड गंगा झरना जम चुके हैं। लगातार गिरते तापमान के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

तेज सर्दी के चलते उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैंउत्तर प्रदेश के नोएडा में भी दो दिन के लिए स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। वहीं पंजाब में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। दूसरी ओर दिल्ली में 15 दिन बाद आज से स्कूल खोल दिए गए हैं।

दिल्ली में पांच दिन की शीतलहर के बाद सर्दी से थोड़ी राहत जरूर मिली है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले से करीब दो डिग्री ज्यादा है। हालांकि सुबह के समय घने कोहरे ने लोगों की दिक्कतें बढ़ाईं।

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण 88 प्रतिशत उड़ानों में एक से डेढ़ घंटे की देरी हुई। रनवे की अधिकतम विजिबिलिटी 900 मीटर और न्यूनतम 200 मीटर दर्ज की गई।

इस बीच दिल्ली की हवा भी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। CPCB के अनुसार, शुक्रवार सुबह 7 बजे AQI 346 दर्ज किया गया। आनंद विहार, अशोक विहार, ITO, आरके पुरम, पटपड़गंज, वजीरपुर, चांदनी चौक और द्वारका जैसे इलाकों में AQI 300 से ऊपर रिकॉर्ड किया गया है, जिससे स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, बर्फबारी और कोहरे की स्थिति बन सकती है। इससे ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।