हरियाणा में में बाप -बेटे के डबल मर्डर के वांटेड बदमाशों का एनकाउंटर, जवाबी फायरिंग में पुलिस ने दबोचे बदमाश
रोहतक के बलियाना डबल मर्डर केस में पुलिस ने आईएमटी में मुठभेड़ कर मुख्य आरोपी संजय सहित तीनों को गिरफ्तार किया। फायरिंग में संजय के पैर में गोली लगी।
➤आईएमटी एरिया में एनकाउंटर
➤मुख्य आरोपी संजय के पैर में गोली
➤डबल मर्डर में शामिल तीनों आरोपी गिरफ्तार
रोहतक के गांव बलियाना में पिता-पुत्र की दिनदहाड़े हत्या करने वाले मुख्य आरोपी संजय और उसके साथियों वीरेंद्र व रोहित का पुलिस से आमना-सामना हो गया। एनकाउंटर आईएमटी एरिया में हुआ, जहां पुलिस व आरोपियों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। संजय के पैर में गोली लगी, जबकि दोनों साथियों को भी चोटें आईं। पुलिस ने तीनों को काबू कर पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया।
यह वही मामला है जिसमें 7 नवंबर को गांव बलियाना निवासी धर्मबीर और उसके बेटे दीपक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय दीपक दोस्तों के साथ चौकीदार की बैठक में बैठा था, जबकि धर्मबीर अपने घर में मौजूद थे। आरोपियों ने पहले दीपक से उसके पिता का नाम पूछा और फिर उसे छाती में गोली मार दी। बाद में घर पहुंचकर धर्मबीर की भी हत्या कर दी।
पुलिस को सूचना मिली कि डबल मर्डर के तीन आरोपी आईएमटी एरिया में घूम रहे हैं। टीम ने रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं और तीनों को घायल अवस्था में पकड़ लिया। मौके से पुलिस को स्कूटी सहित कई सुराग मिले, जिनकी एफएसएल टीम ने जांच की।
ग्रामीणों के अनुसार, 2023 में किरयाणा दुकानदार जगबीर की हत्या के बाद से रंजिश लगातार बढ़ रही थी। हत्या के आरोपी सचिन उर्फ सागर इस समय जेल में है। बताया जा रहा है कि उसने श्मशान घाट पर अपने भाई दीपक और पिता धर्मबीर की चिता देखकर धमकी दी थी कि “ऐसा बदला लूंगा कि पूरा गांव देखता रह जाएगा।” इस चेतावनी के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है। धर्मबीर का घर बंद है और ग्रामीण खुले तौर पर कुछ बोलने से बच रहे हैं, लेकिन दबी आवाज़ में माहौल को तनावपूर्ण बताया है।
Author1