समालखा में मशहूर गाजर की बर्फी बनाने वाले राजेंद्र हलवाई की दुकान पर फायरिंग, तीन बदमाशों ने पर्ची देकर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी
समालखा की पुरानी गुड़ मंडी में बदमाशों ने मिठाई की दुकान पर फायरिंग कर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी, शीशा टूटने से दुकानदार घायल, पुलिस जांच में जुटी।
➤ समालखा की पुरानी गुड़ मंडी में मिठाई की दुकान पर फायरिंग से दहशत
➤ बदमाशों ने पर्ची देकर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी
➤ शीशा टूटने से दुकानदार की आंख घायल, CCTV में आरोपी कैद
समालखा। पानीपत जिले के समालखा कस्बे की पुरानी गुड़ मंडी में मंगलवार रात करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीन बाइक सवार युवकों ने एक मिठाई की दुकान पर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने चार गोलियां चलाईं और एक करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग की।
यह घटना राजेंद्र मित्तल की प्रसिद्ध दुकान ‘गाजरपाक वाले’ पर हुई। उस समय दुकान पर उनके बेटे मनोज मित्तल काउंटर पर बैठे थे। मनोज के अनुसार, दो युवक पहले बर्फी खरीदने के बहाने दुकान में आए और उन्हें एक धमकी भरी पर्ची थमा दी।
पर्ची में लिखा था, “मैं शीलू डाहर हूं। तेरे से एक करोड़ रुपए चाहिए। तेरे पास दो दिन का समय है। नहीं दोगे तो मार दिया जाएगा। पुलिस के पास जा या कहीं भी जा, पैसे देने से ही काम चलेगा।” पर्ची के नीचे सुनील डाहर नाम लिखा हुआ था।
पर्ची देने के कुछ ही देर बाद तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए और दुकान के अंदर बैठे मालिक की ओर फायरिंग कर दी। दो बदमाशों ने एक-एक गोली चलाई, जबकि तीसरे ने दो गोलियां दागीं। गोलियां सीधे दुकानदार को नहीं लगीं, लेकिन दुकान का शीशा टूट गया और उसके कांच के टुकड़े आंख में लगने से दुकानदार घायल हो गया।
फायरिंग की आवाज सुनते ही पूरे बाजार में भगदड़ मच गई और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर लीं। दुकान के नौकर ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही DSP नरेंद्र कादियान, थाना प्रभारी गुलशन, चौकी इंचार्ज अनिल कुमार और तीनों CIA टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली खोल बरामद किए और घायल दुकानदार को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।
DSP नरेंद्र कादियान ने बताया कि दुकानदार पर गोली चलाने और रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कर लिया गया है। CCTV फुटेज में रंगदारी मांगने वाले दोनों युवक और फायरिंग करने वाले तीनों बदमाश साफ दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए CIA, ANC स्टाफ, थाना और चौकी पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Akhil Mahajan