समालखा में मिठाई की दुकान पर फायरिंग करके एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले तीन आरोपीअवैध हथियारों सहित गिरफ्तार
समालखा की गुड़ मंडी में मिठाई की दुकान पर फायरिंग कर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है।
- तीन आरोपी अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार
- दबदबा बनाने के लिए वारदात को दिया अंजाम
समालखा की गुड़ मंडी में स्थित एक मिठाई की दुकान पर फायरिंग कर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन देसी पिस्तौल और दो जिंदा रौंद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहौली निवासी निखिल उर्फ लाखन, डाहर निवासी प्रिंस और नारायणा निवासी वंश के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने इलाके में दबदबा बनाने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपने साथियों को वारदात में शामिल होने के लिए 50-50 हजार रुपये देने का प्रलोभन दिया था। 6 जनवरी की शाम आरोपी हथियारों से लैस होकर मिठाई की दुकान पर पहुंचे और फायरिंग कर रंगदारी की मांग की।
इस मामले में समालखा गुड़ मंडी निवासी मनोज ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी दुकान राजेंद्र मित्तल गाजरपाक वाले के नाम से संचालित है। घटना के दिन एक युवक मिठाई का डिब्बा मांगने के बहाने दुकान में घुसा। उसी दौरान दूसरा युवक अंदर आया और एक पर्ची थमा दी, जबकि बाहर खड़े युवकों ने फायरिंग कर दी।
पर्ची खोलकर देखने पर उसमें एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और दो दिन का समय दिया गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें अवैध हथियारों सहित काबू कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य आपराधिक संपर्कों की भी जांच कर रही है।
Akhil Mahajan