अस्पताल–सिटी मॉल फायरिंग केस में बड़ा एनकाउंटर, 30 राउंड गोलियां चलीं; CIA के 3 अफसर बाल-बाल बचे

यमुनानगर में अस्पताल और सिटी मॉल में फायरिंग करने वाले बदमाशों का पुलिस से एनकाउंटर, 30 राउंड फायरिंग, दो बदमाश घायल, CIA अफसरों की बुलेटप्रूफ जैकेट में धंसी गोलियां।

अस्पताल–सिटी मॉल फायरिंग केस में बड़ा एनकाउंटर, 30 राउंड गोलियां चलीं; CIA के 3 अफसर बाल-बाल बचे

पुलिस–बदमाशों में 25 से 30 राउंड फायरिंग
दो बदमाशों के पैर में गोली, तीसरा बाइक से गिरकर घायल
CIA-1 और CIA-2 के तीन प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में धंसी गोलियां


हरियाणा के यमुनानगर में शनिवार देर रात सिटी मॉल और एक निजी अस्पताल में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों का पुलिस के साथ जोरदार एनकाउंटर हो गया। CIA टीम ने जब आरोपियों को घेरने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी क्रॉस फायर किया। दोनों तरफ से करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलीं और इलाका देर रात गोलियों की आवाज से दहल उठा।

काफी देर चली मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि तीसरा आरोपी बाइक से गिरकर घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को काबू में ले लिया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सिविल अस्पताल, यमुनानगर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सिविल हॉस्पिटल यमुनानगर में एडमिट तीनों बदमाश।

इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम भी गंभीर खतरे में रही। जानकारी के मुताबिक CIA-2 इंचार्ज राकेश को दो गोलियां और CIA-1 इंचार्ज राजकुमार को एक गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने की वजह से तीनों अफसरों की जान बच गई। पुलिस महकमे में इसे बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रंगदारी वसूली के मकसद से शहर में डर का माहौल बनाना चाहते थे। इससे पहले अस्पताल परिसर में फायरिंग का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दो बदमाश तमंचों से गोलियां चलाते नजर आए थे। वीडियो के सामने आते ही CIA और जिला पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, जिसके बाद यह मुठभेड़ हुई।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, गैंग कनेक्शन और हथियारों की सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। सिटी मॉल और अस्पताल जैसे संवेदनशील इलाकों में फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं।